थोड़ी देर की बरसात, सड़कों पर डबाडब भरा पानी सफाई व्यवस्था की खुली पोल
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी
बाराबंकी। लगातार हो रही बारिश से लोगों का निकलना दूभर हो गया है। नालियों की सफाई न होने के कारण सड़कों पर पानी भरा है। लोगों को निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों की शिकायत के बाद भी नगर पालिका अपने पुराने ढर्रे पर चल रही है। बीते वर्ष भी यही कुछ हाल देखने को मिला था। जमुरिया नाले के सफाई के नाम पर खूब बंदरबांट किया गया था आखिर में बरसात ने पूरी सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी थी। आज वही पूरा हाल नगर पालिका के विभिन्न क्षेत्रों में देखने को मिला। हालत तो यह है कि नगर पालिका क्षेत्र के विस्तारीकरण का मामला हो या फिर पूर्व का क्षेत्र गली से लेकर सड़कों तक सिर्फ पानी ही पानी नजर आया। जहां लोगों को गिरते उठते आवागमन करना पड़ा। यही हाल लखनऊ-फैजाबाद मार्ग पर जेब्रा पार्क से लेकर नाका, लखपेड़ाबाग चैराहा आदि स्थानों पर पानी का भराव देखा गया।
वार्डों की हालत बद से बदत्तर
बाराबंकी। नगर पालिका क्षेत्र के कुछ वार्डों की हालत बद से बदत्तर है। जिसमें मुख्य रुप से आनन्द बिहार वार्ड, लखपेड़ाबाग वार्ड, लक्ष्मणपुरी वार्ड, बड़ेल वार्ड, मखदूमपुर वार्ड, आलापुर सहित कई वार्ड ऐसे हैं जहां पर लोगों को सड़को से निकलने में बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की सफाई न होने के कारण नालियों का पानी सड़को पर ही भरा रहता है। अब इन क्षेत्रों की समस्या आम बन गयी है।
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी

