नई दिल्ली। सीबीआई की विशेष अदालत ने छह दिसम्बर 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के मामले में बुधवार को बहुप्रतीक्षित फैसला सुनाते हुए सभी आरोपियों को बरी कर दिया। विशेष अदालत के न्यायाधीश एसके यादव ने अपने फैसले में कहा कि बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की घटना पूर्व नियोजित नहीं थी, यह एक आकस्मिक घटना थी। फैसला आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने कहा कि स्पेशल कोर्ट का आज का निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण है, जब ये समाचार सुना तो जय श्री राम कहकर इसका स्वागत किया। आडवाणी ने कहा कि विशेष अदालत के फैसले का मैं तहे दिल से स्वागत करता हूं। यह निर्णय राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रति मेरे व्यक्तिगत और भाजपा के विश्वास और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बाबरी विध्वंस केस में बरी होने के बाद आडवाणी के घर पर जश्न का माहौल हैं। मिठाइयां बांटी जा रही हैं। वहीं, मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि आज पूरा देश खुश है। एक बयान जारी कर आडवाणी ने कहा कि बाकी देश वासियों के साथ मैं भी सुंदर राम मंदिर के पूर्णतया बनने का इंतजार कर रहा हूं।