उन्नाव: घूस मांगने व धमकाने पर दो दरोगा सस्पेंड, एसपी को दी गई थी दोनों की ऑडियो रिकॉर्डिंग

शादाब अली की रिपोर्ट

उन्नाव जिले के सफीपुर में शिकायतों की जांच के नाम पर दो दरोगाओं ने वादी व आरोपियों से दुर्व्यवहार किया और पैसे नहीं देने पर धमकाया, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच में आरोप सही मिलने पर एसपी ने दोनों दरोगाओं को सस्पेंड कर दिया है।

दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई को उच्चाधिकारियों को भी रिपोर्ट भेजी गई है। सफीपुर कोतवाली के लोनारी गांव निवासी कामता प्रसाद पुत्र खिलाड़ी ने गांव के ही अशोक पुत्र रामपाल पर तीन बीघा जमीन पर कब्जाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी।
दरोगा विनोद कुमार ने आरोपी अशोक व उसके बटाईदार बड़क्के को हिरासत में लिया और 25 हजार रुपये देने के वादे पर छोड़ दिया। बाद में दरोगा ने फोन करके रुपये पहुंचाने का दबाव बनाया।

अशोक ने 29 सितंबर को एसपी को शिकायत के साथ रिश्वत मांगने की ऑडियो भी सुनवाई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर एसपी ने दरोगा विनोद कुमार को निलंबित कर दिया है।
उधर, औरास थाने में 22 सितंबर को दो पक्षों में मारपीट के मामले में दरोगा वीरेंद्र सिंह ने पकडे़ आरोपी को 15 हजार रुपये देने के वादे पर थाने से जाने दिया। बाद में फोन करके रुपयों की मांग की। इसका ऑडियो वायरल हो गया।
एसपी ने जांच में इस मामले को सही पाने पर दरोगा वीरेंद्र सिंह को भी निलंबित कर दिया। एसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि दोनों दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को भी रिपोर्ट भेजी गई है।

Don`t copy text!