पराली जलाये जाने की घटनाओं पर अंकुश के लिए आयोजित करें रात्रि चैपाल – डीएम

शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स .

बहराइच 06 नवम्बर। जनपद में फसल अवशेष/पराली जलाये जाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने उप जिलाधिकारियों एवं खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि कृषि, राजस्व, विकास, पुलिस व अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराते हुए प्रभावी रात्रि चैपाल आयोजित कर किसानों को फसल अवशेष/पराली न जलाये जाने के लिए जागरूक किया जाय। किसानों को जागरूक किया जाय कि मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायतों में जो कम्पोस्ट किट बनाये गये हैं किसान भाई अपनी पराली कम्पोस्ट किट में डालकर कम्पोस्ट खाद बना सकते हैं या गोशालाओं को दान कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि मानक विहीन कम्बाइन मशीनों के सीज की कार्यवाही की जाय।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि शासन द्वारा गौशालाओं में पराली पहंुचाये जाने की व्यवस्था के बावजूद जिन ग्राम पंचायतों में पराली गौशालाओं में नहीं पहुंचाया गया है और उन ग्राम पंचायतों में पराली जलाये जाने की घटनाएं प्रकाश में आयी हैं उससे सम्बन्धित ग्राम प्रधान, सचिव व लेखपाल की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कार्यवाही की जाय। जिलाधिकारी ने जिला गन्नाधिकारी को निर्देश दिया कि गन्ना का अवशेष जलाये जाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए ठोस कार्य योजना बनाकर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करें। इस सम्बंध में उपजिलाधिकारी भी अपने स्तर से गन्ना का अवशेष जलाये जाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए आवश्यक रणनीति तैयार कर लें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पराली जलाये जाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए सभी सम्बन्धित अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा रात्रि में सतर्क निगरानी रखी जाय। साथ ही पुलिस गश्त को भी बढ़ाया जाय।
पुलिस अधीक्षक डा. विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि फसल अवशेष/पराली जलाये जाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए पुलिस विभाग द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जायेगा। इस सम्बंध में सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को पूर्व में ही आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये हैं।
बैठक में बताया गया कि पराली जलाये जाने की घटनाओं में अब तक 45 अधिकारियों एवं कर्मचारियों, 33 ग्राम प्रधानों व अन्य व्यक्तियों तथा 77 किसानों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा कार्यवाही की गयी है। जिसमें 52 लोगों के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है जिसमें 32 लोगों की गिरफ्तारी की गयी है। इसके अलावा 4.40 लाख रूपये अर्थदण्ड लगाया गया है जिसमें 2.35 लाख रूपये की वसूली गयी है। जबकि 07 कम्बाइन हार्वेस्टर के जब्त की कार्यवाही की गयी है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना, अपर जिलाधिकारी जयचन्द्र पाण्डेय, डीएफओ बहराइच मनीष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर सौरभ गंगवार आईएएस, नानपारा सूरज पटेल आईएएस, कैसरगंज महेश कुमार कैथल, महसी एस.एन. त्रिपाठी, पयागपुर कीर्ति प्रकाश भारती, मिहींपुरवा (मोतीपुर) जी.पी. त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि डा. आर.के.सिंह, सीवीओ डा. बलवन्त सिंह, जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी व अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।

Don`t copy text!