बेसिक शिक्षा में मील का पत्थर साबित होगा ‘स्कूल आपके द्वार‘ कार्यक्रम
मुकेश कुमार बाजपाई संवाददाता थाना क्षेत्र रामसनेहीघाट
त्रिवेदीगंज,बाराबंकी। कोरोना काल में सबसे बड़ी चुनौती बेसिक शिक्षा के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा को लेकर है।ग्रामीण परिवेश में आज भी अधिकांश अभिभावकों के पास एंड्रॉएड मोबाइल न होने से उनके बच्चें ऑन लाइन क्लास से नहीं जुड़ पा रहे है। ऐसे में बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो इसके लिये खंड शिक्षा अधिकारी त्रिवेदीगंज संजय कुमार शुक्ल ने शासन की मंशानुरूप विकास खण्ड त्रिवेदीगंज के सभी स्कूलों के शिक्षकों की मीटिंग करके गुणवत्तापरक शिक्षा के लिये ‘स्कूल आपके द्वार‘ कार्यक्रम संचालित करने का आदेश दिया। इस कार्यक्रम के तहत शिक्षक गांव में मोहल्ला पाठशाला का आयोजन करें। इसी क्रम में अकादमिक रिसोर्स पर्सन शिव सागर सिंह ने भी स्कूल आपके द्वार कार्यक्रम की कार्ययोजना छात्र प्रोफाइल के आधार पर बनाकर क्रियान्वित करने के सुझाव दिए हैं। बच्चों के घरों पर ही उनकी कॉपी में गृहकार्य देने के साथ पढ़ाने का कार्य नियोजित ढंग से किया जा रहा है। इससे बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित नहीं होगी और शिक्षा की गुणवत्ता भी बनी रहेगी। बीईओ के निर्देश के क्रम में ब्लॉक के शिक्षक गांव में घर घर जाकर बच्चों को शिक्षण कार्य के साथ गृहकार्य भी दे रहे है। अब तक ऑनलाइन शिक्षण से मात्र 3500 बच्चे जुड़े थे किन्तु मोहल्ला पाठशाला के द्वारा लगभग 13000 बच्चे शिक्षकों से जुड़ गए हैं। इस दौरान कोविड नियमों जैसे सोशल डिस्टेंसिंग आदि का विशेष ध्यान भी दिया जा रहा है। शिक्षण कार्य के साथ साथ बच्चों व अभिभावकों को कोविड से बचाव के तरीके व स्वच्छता सम्बन्धी जानकारी भी शिक्षक दे रहे है। इसी कार्यक्रम के तहत आज प्राथमिक विद्यालय भागीखेड़ा शिक्षा संकुल बहुता के सहायक अध्यापक अंकुर मिश्र गांव जाकर बच्चों से संपर्क करके उनके घरों पर ही शिक्षण कार्य के साथ बच्चों को गृहकार्य दिया।अन्य शिक्षक भी घरों में जाकर बच्चों को शिक्षा प्रदान कर रहे है। शिक्षक अंकुर मिश्र बताते है कि कार्यक्रम ‘स्कूल आपके द्वार‘ के तहत प्रतिदिन बच्चों के घर घर जाकर उन्हें गृह कार्य देना और पढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। कोविड 19 के कारण परिषदीय स्कूलों में बच्चों की छुट्टियां चल रही है।इसलिये बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो इसके लिये खण्ड शिक्षा अधिकारी त्रिवेदीगंज द्वारा स्कूल आपके द्वार एक मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत बच्चों को घर घर जाकर शिक्षण कार्य किया जा रहा है। जिसके बेहतर परिणाम हम सबको देखने को मिले रहे है। इसी कार्यक्रम के अंतर्गत प्रथमिक विद्यालय मर्दापुर के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र प्रताप सिंह व सहायक अध्यापक उमेश चंद्र ने ‘स्कूल आपके द्वार‘ कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर परिषदीय बच्चों को पढ़ाने के साथ उन्हें गृहकार्य भी दिया।
मुकेश कुमार बाजपाई संवाददाता थाना क्षेत्र रामसनेहीघाट

