सी.डी.ओ. ने किया स्वच्छता एवं व्यवहार परिवर्तन परियोजना का शुभारम्भ

बहराइच 17 दिसम्बर। आगा खान फाउण्डेशन द्वारा स्वच्छता एवं व्यवहार परिवर्तन परियोजना का शुभारम्भ करते हुए पंचायती राज, स्वास्थ्य एवं बाल विकास विभागों से समन्वय के साथ समाज के व्यवहार में बदलाव लाये जाने हेतु शौचालय का उपयोग, घर की साफ सफाई, साबुन से हाथ धोने, सार्वजनिक शौचालय का बेहतर रख-रखाव के लिए परियोजना को धरातल पर क्रियान्वयन के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए परियोजना निदेशक अनिल कुमार सिंह ने आगा खान फाउण्डेशन साथ मिलकर काम करने तथा परियोजना का उद्देश्य तथा गतिविधियों पर चर्चा की। जिसमें सामुदायिक सोप बैंक, हैण्डवाशिंग मशीन, स्वच्छता जागरूकता रथ तथा अग्रिमपंक्ति की कार्यवाही की क्षमता वर्धन का उल्लेख किया गया। इस अवसर पर जनपद के ब्लाक कैसरगंज में साफ-सफाई, शौचालय उपयोग, साबुन से हाथ धोने सम्बन्धी जागरूकता फैलाने हेतु तथा लोगो को हाथ धोने की तकनीकी सिखाने हेतु दो जागरूकता रथ को सीडीओ द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर डी.पी.आर.ओ. उमाकान्त पाण्डेय, डी.पी.ओ. जी.डी. यादव, ए.डी.ओ. (पंचायत) तेज नरायन राव तथा आगा खान फाउण्डेशन के राज्य कार्यक्रम प्रबन्धक के.सी. सुधीर चिलरेगा सहित डा. फसी अहमद, विवेक अवस्थी, मोहम्मद अब्बास एवं अता इमाम मौजूद रहे।

Don`t copy text!