आयुक्त ने किया एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण

रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

सैंपलिंग का कार्य 3 गुना बढ़ाएं जाने के दिए निर्देश

 

गोण्डा-आयुक्त, देवीपाटन मंडल एसवीएस रंगाराव ने आज कलेक्ट्रेट स्थित एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन- 2021 के निर्वाचन कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने आमजन द्वारा की जा रही शिकायतों के निस्तारण से संबंधित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अब तक बनाए गए हॉटस्पॉट, होम आइसोलेशन तथा निगरानी समितियों की सूची का भी अवलोकन किया तथा तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह सूची के अनुसार हर क्षेत्रों से रैंडम पूछताछ करते रहें तथा साफ-सफाई की व्यवस्था भी जानकारी करते रहे । उन्होंने सभी से अपील किया कि प्रत्येक स्तर पर जागरूक रहकर इस कोविड महामारी से निजात पाना है।
आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से सेंपलिंग , कांटेक्ट ट्रेसिंग, वैक्सीनेशन तथा सर्विलांस टीम की सक्रियता आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि रेल द्वारा बाहर से आने वाले ऐसे व्यक्ति जो करोना पॉजिटिव पाया जाए, उसकी सूचना रेलवे को तत्काल दें ताकि जिस कंपार्टमेंट से व्यक्ति आया है उससे संबंधित लोगों की भी जांच की जा सके। उन्होंने सैंपलिंग का कार्य बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि इसे 3 गुना बढ़ाया जाए। उन्होंने वैक्सीनेशन कार्य की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के इस कार्य में पूरी तरह जागरूक रहकर शासन के दिशा निर्देशों व मानक के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रथम डोज का वैक्सीनेशन हो जाने वाले व्यक्तियों को शत-प्रतिशत द्वितीय डोज का वैक्सीनेशन कराया जाए। मानक के अनुरूप मतदान कर्मियों का भी वैक्सीनेशन हो जाए तथा सर्विलांस टीम को पूरी तरह सक्रिय किया जाए। उन्होंने जिला अधिकारी की अध्यक्षता में नियमित रूप से टास्क फोर्स की बैठक कराकर उसका विवरण शासन व उन्हें भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं ।

आयुक्त ने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन- 2021 हेतु बनाए गए कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट बंदना त्रिवेदी ने नगरीय निकायों में सभी वार्डों की निगरानी समितियों के संबंध में जानकारी दी ।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज व जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि आबकारी के स्टाक व आपूर्ति की सूचना पूरी सक्रियता के साथ रखी जाए और जिन क्षेत्रों में अधिक आपूर्ति हो रही है। उन क्षेत्रों में छापामारी की भी कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित हो कि आबकारी की दुकानों से जिन क्षेत्रों में अधिक आपूर्ति हो रही हो उसकी सूचना संबंधित थाने को समय से दे दी जाए। उन्होंने बॉर्डर व ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक पैमाने पर होने वाली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0अजय सिंह गौतम ,अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ,सिटी मजिस्ट्रेट बंदना त्रिवेदी , उप जिला अधिकारी/प्रभारी कंट्रोल रूम वीर बहादुर यादव तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

Don`t copy text!