दरोगा पर हमला: वांछित आरोपी ने दातों से सात जगह काटकर किया लहूलुहान, सिर पर मारा पत्थर

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ 9889789714

थाना जलेसर के दरोगा पुलिस टीम के साथ आरोपी को पकड़कर थाने आ रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने पत्थर से उन पर हमला कर दिया। इसके बाद कई जगह दांतों से काटकर भागने का प्रयास किया। 

एटा- जिले में गुरुवार को एक वांछित आरोपी ने दरोगा पर हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई, जब दरोगा आरोपी को पकड़ कर थाने ले जा रहे थे। हमले में दरोगा लहूलुहान हो गए, लेकिन उन्होंने आरोपी को नहीं छोड़ा। इसके बाद अन्य पुलिसकर्मियों ने आरोपी को दबोच लिया। घायल दरोगा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना जलेसर थाना क्षेत्र के गांव गनेशपुर की है। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे थाना जलेसर के उप निरीक्षक सुबोध कुमार ने पुलिस टीम के साथ गांव में दबिश दी। पुलिस ने गांव गनेशपुर निवासी वांछित आरोपी पप्पू सिंह को पकड़ लिया। आरोपी की तलाशी ली गई तो उसके पास एक तमंचा-दो कारतूस मिले।

पत्थर मारकर किया लहूलुहान
आरोपी पप्पू को थाने ले जाने के लिए गाड़ी में बैठाया जा रहा था, तभी उसने पास में पड़ा पत्थर उठाकर दरोगा के सिर में मार दिया। पत्थर लगने से दरोगा लहूलुहान हो गए। इस दौरान आरोपी ने खुद को छुड़ाने की कोशिश करते हुए दांतों से दरोगा को सात जगह काट लिया। हालांकि वह दरोगा की पकड़ से छूट न सका। सिपाहियों ने आरोपी को दबोच लिया।
प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की वारदात में वांछित चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी के प्रयास काफी समय से किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर गांव में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया गया। भागने के इरादे से उसने दरोगा सुबोध कुमार के सिर में पत्थर मारकर और दांतों से काटकर घायल कर दिया।

आरोपी पप्पू के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद कर उसे जेल भेजा गया है। घायल दरोगा का चिकित्सकीय परीक्षण और इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया है। उनके सिर पर गहरी चोट आई है।

Don`t copy text!