लूट के आरोपी को पेड़ में बांधकर पीटा

पत्रकार आशीष सोनी अंबेडकरनगर

जहांगीरगंज। युवकों के बीच हुई मारपीट के दौरान लूट की खबर और गुहार के बाद एक आरोपी को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसकी पेड़ से बांधकर पिटाई की गई। दो आरोपी बाइक समेत भागने में सफल रहे। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। घटना को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं।
फतेपुर गांव के निकट परसौली गांव निवासी एक युवक को बुधवार अपराह्न आलापुर थाना क्षेत्र के रामनगर महुवर निवासी कुछ लोगों ने पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान युवक ने नकदी व मोबाइल लूटने का आरोप लगाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए। ग्रामीणों ने आरोपियों को दौड़ा लिया। एक आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे पेड़ से बांध दिया जिससे वह भाग न पाए। ग्रामीणों ने उसकी पिटाई भी की और पुलिस को सूचित कर दिया।
उधर ग्रामीणों द्वारा दौड़ाए जाने के दौरान बाइक पर सवार होकर दो अन्य आरोपी भागने में सफल रहे। बाद में लेन देन और प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की पिटाई किए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेड़ से बंधे युवक को छुड़ाया और थाने भेजवाया। युवकों के बीच पहले भी आपस में मारपीट की बात भी सामने आई। थानाध्यक्ष शंभूनाथ ने बताया कि लूट की बात संदिग्ध है। दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
पत्रकार आशीष सोनी अंबेडकरनगर

Don`t copy text!