16 चरवाहों को कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए अधिकारियों ने तय किया 9 घंटे का सफर, …..

समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ 9889789714

अरुणाचल प्रदेश में चीन की सीमा से पास स्थित दूरदराज के एक गांव में ब्रोक्पा (चरवाहे) समुदाय के 16 लोगों को टीका लगाने के लिए अधिकारियों के एक दल ने दो पर्वत चोटियों, घने जंगल, दलदली रास्ते और एक नदी से होते हुए नौ घंटे का सफर तय किया.तवांग जिले के उपायुक्त सांग फुंत्सोक के नेतृत्व में दल के सदस्यों ने पैदल और वाहन पर चलते हुए रास्ता तय किया और चरवाहों को टीका लगाने पहुंचे. जिले के थिंगबु और लुगथांग के बीच स्थित डोमसांग गांव में 21 मई को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया था, जिसमें यह चरवाहे छूट गए थे.

रविवार सुबह शुरू हुई थी यात्रा

तवांग के उपायुक्त और जिला परिषद् के अध्यक्ष लेकी गोम्बु ने सोमवार को व्यक्तिगत रूप से डोमसांग में टीकाकरण शिविर का मुआयना किया, जो कि समुद्र तल से 14,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित है. तवांग के आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी.  यात्रा रविवार को सुबह सात बजकर 15 मिनट पर आरंभ हुई और दल, न्यूकतेंग चोटी, नहछोट चोटी और लुगथांग नदी पार कर शाम साढ़े पांच बजे गांव तक पहुंचा.अगली सुबह उपायुक्त ने क्षेत्र के विकास की समीक्षा के लिए गांव वालों के साथ एक बैठक की.  ग्रामीणों ने भी गांव में पहली बार एक उपायुक्त और जिला परिषद् अध्यक्ष के आने की सराहना की. बैठक के बाद उन 16 चरवाहों को टीका लगाया गया, जो छूट गए थे.

देश में कोरोना वैक्सीनेशन की स्थिति

वहीं दूसरी ओर भारत में अब तक कोरोना वैक्सीन की 38.50 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी है. शाम 7 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को 34,10,974 लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई. सरकारी रिपोर्ट में कहा गया है कि 18-44 एज ग्रुप के लगभग 12 करोड़ लोगों को अब तक वैक्सीन लगाई गई है. 37 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18-44 एज ग्रुप के 11,59,50,619 व्यक्तियों ने अपनी पहली डोज ले ली है और कुल 40,19,089 लोगों ने अपनी दूसरी डोज प्राप्त कर ली है. आज 18-44 आयु वर्ग के 15,49,982 लोगों को पहली डोज और 1,19,121 लोगों को दूसरी डोज दी गई.

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु, बिहार, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे आठ राज्यों में 18-44 आयु वर्ग को वैक्सीन की 50 लाख से ज्यादा पहली डोज लगाई गई है. आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, दिल्ली, हरियाणा, झारखंड, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में 18-44 आयु वर्ग के 10 लाख से अधिक लाभार्थियों को कोरोना की पहली डोज लगाई गई है.

Don`t copy text!