कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे पंडित रामकृष्ण : शुक्ला

सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270

बस स्टेशन के निकट स्थित जिला सहकारी संघ लिमिटेड कार्यालय पर हुई श्रद्धांजलि सभा  दूसरी पुण्यतिथि पर पंडित रामकृष्ण द्विवेदी के चित्र पर माल्यार्पण कर दी गई श्रंद्धाजलि

बाराबंकी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंडित रामकृष्ण द्विवेदी की दूसरी पुण्यतिथि पर बस स्टेशन के निकट स्थित जिला सहकारी संघ लिमिटेड कार्यालय पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंडित शिवशंकर शुक्ला ने किया। द्विवेदी जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पंडित शिवशंकर शुक्ला ने कहा कि पंडित रामकृष्ण द्विवेदी सियासत का वह सितारा थे जिन्होंने अपनी तकदीर की लकीरें खुद खींची। उन्होंने कहा कि पंडित जी कांग्रेस की नींव के एक मजबूत स्तम्भ थे। उनसे मिलकर हमेशा लगता कि घर के किसी बुजुर्ग की सरपरस्ती हो। उन्होंने कहा कि वह मेरे राजनीतिक संरक्षक भी थे। उनके सानिध्य में रहकर सियासत का ककहरा सीखने को मिला। उनकी आत्मीयता और सादगी का कोई सानी नहीं था। वह एक ज़िंदादिल इंसान थे।
पंडित शिवशंकर शुक्ला उनकी स्मृतियों का याद करते हुए कहा कि सत्तर के दशक में तत्कालीन सीएम टीएन सिंह (त्रिभुवन नारायण सिंह) को हराकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा देने वाले यूपी के पूर्व गृहमंत्री पं रामकृष्ण द्विवेदी की आज दूसरी पुण्यतिथि है। उन्होंने कहा कि पंडित जी को गुजरे आज दो बरस हो गए। आज ही के दिन घर के उस बुजुर्ग का हाथ सिर से उठ गया, जो हमेशा ढाल बनकर सामने आ जाते थे। वह मेरे राजनीतिक जीवन की बुनियाद थे। उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है। पं रामकृष्ण द्विवेदी वर्ष 1971-72 में तत्कालीन प्रदेश के मुख्यमंत्री टीएन सिंह को मानीराम विधानसभा से चुनाव हरा दिया था। इस हार की वजह से तत्कालीन मुख्यमंत्री टीएन सिंह को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इसके बाद पंडित कमलापति त्रिपाठी को मुख्यमंत्री बनाया गया। उनकी सरकार में रामकृष्ण द्विवेदी गृहमंत्री बने थे। वह कांग्रेस के बड़े नेताओं में रहे। एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस सहित पार्टी के कई अन्य फ्रंटल आर्गनाइजेशन में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इस श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से प्रशांत शुक्ला, शिवकुमार चतुर्वेदी, राम विलास प्रजापति, तेज कुमार शुक्ला, अजय सिंह, ओम प्रकाश सिंह, राजेश्वर दयाल बाजपेई, ननकऊ वर्मा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

सुहेल अंसारी संवाददाता नगर बाराबंकी एसएम न्यूज़24टाइम्स 8081991270

Don`t copy text!