कबाड़ वाहनों का निस्तारण शुरू, यार्ड भेजे गए। छोटे थानों में खड़े माल मुकदमाती वाहन बदायूं भेजे जा रहे। यहां विधिक प्रक्रिया के तहत होगी नीलामी
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान-बदायूं 9719216984
बदायूं। कबाड़ हो चुके माल मुकदमाती वाहनों का निस्तारण शुरू हो चुका है। इसके तहत जिन थानों में इन मालों को रखने की जगह नहीं है। वहां से ये वाहन उठवाकर पुलिस के डंपिंग यार्ड भेजे जा रहे हैं। ताकि थानों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे। उघैती में यह प्रक्रिया रविवार को शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में इन मालों को विधिक प्रक्रिया के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नीलाम किया जाएगा।
जिले के थानों में हजारों की तादात में ऐसे वाहन खड़े हैं, जिनसे जुड़े मुकदमों में फैसला हो चुका है। इनमें बाइक से लेकर कार व ट्रक और कंटेनर आदि हैं। ऐसे में अदालत की अनुमति लेकर पुलिस इन वाहनों के निस्तारण में जुट गई है। कई दिन चली प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंची है और छोटे थानों में जगह बनाने के लिए वहां से इन वाहनों को पुलिस के यार्ड में भेजा जा रहा है। पुलिस का यह यार्ड दो साल पहले तत्कालीन डीएम कुमार प्रशांत ने बनवाया था। इसके लिए दातागंज रोड पर स्थित लखनपुर गांव के पास ग्राम समाज की जमीन अधिग्रहित की गई थी। जबकि बाद में निर्माणकार्य शुरू हुआ। मौजूदा वक्त में यहां थानावार वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था है। रखवाली के लिहाज से गार्द भी तैनात की गई है। वाहनों के अलावा थानों में मौजूद कच्ची व तस्करी वाली शराब, अवैध असलाहों और मादक पदार्थों का भी मजिस्ट्रेट की निगरानी में निस्तारण होगा। इन्हें नष्ट किया जाएगा। ताकि कोई इन्हें दोबारा उपयोग में न ला सके। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मालों के निस्तारण को अभियान के तौर पर लिया गया है, अफसरों के निर्देश पर ऐसा किया जा रहा है। ताकि थानों की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान-बदायूं 9719216984

