लखनऊ सिटी बसों का बाराबंकी में फिर अनधिकृत संचालन शुरू
अब्दुल मुईद सिटी-रिपोर्टर (एस0एम0 न्यूज 24टाइम्स) 9936900677
बाराबंकी। लखनऊ सिटी बसों का बाराबंकी में फिर अनधिकृत संचालन शुरू किया गया है। करीब चार वर्ष पहले परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये का अतिरिक्त कर दावा किया तो इनका संचालन बंद कर दिया गया था। इससे परिवहन निगम में बस अनुबंधित कर संचालित करने वालों को क्षति भी उठानी पड़ रही है। लखनऊ नगर सीमा में संचालित होने वाली परिवहन निगम की सिटी बसें नगर क्षेत्र की सीमा में संचालन के लिए अधिकृत होती हैं। इसके बावजूद नियम विरुद्ध यह बसें बाराबंकी सीमा के अंदर शहर तक संचालित हो रही हैं। ईद में यात्रियों की संख्या बढ़ने की आशंका के तहत एक मई से सिटी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया। पटेल तिराहे तक आकर सवारियां भरने व उतारने वाली इन बसों के कारण जाम की स्थिति भी पैदा होती है। यह आलम तब है जब अवैध संचालन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अनधिकृत टेंपो स्टैंड हटा दिए गए और डग्गामार बसों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। ऐसे में यातायात पुलिस की नाक के नीचे से इन बसों का संचालन हो रहा है।
क्या कहते हैं एआरटीओ पंकज सिंह…
सिटी बसों का बाराबंकी तक अवैध संचालन कोई पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी कई वर्षों तक सिटी बसें शहर व देवा तक संचालित होती थीं। 2018 में अतिरिक्त कर का इन बसों पर करीब सात करोड़ रुपये का बकाया निकाला था। इसके बाद कर जमा करने के बजाय बस का संचालन बंद कर दिया गया था। सिटी बसें नगर क्षेत्र में संचालित होने के लिए अधिकृत होती हैं। यहां सिटी बसों का संचालन खेदजनक है। इसका संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पर्व में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण एक मई से इन बसों का संचालन शुरू हुआ था। जल्द ही सिटी बसों का संचालन बंद हो जाएगा।
अब्दुल मुईद सिटी-रिपोर्टर (एस0एम0 न्यूज 24टाइम्स) 9936900677

