आठ जून तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

बदायूं। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच मौसम विभाग के पूर्वानुमान भी ध्वस्त हो रहे हैं। बुधवार को एक बार फिर अधिकतम तापमान 47 डिग्री के करीब पहुंच गया। आसमान साफ रहने से तेज धूप लोगों को व्याकुल करती रही। बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 और न्यूनतम 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार आठ किमी प्रतिघंटा रही। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आठ जून तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
सप्ताह के पहले दिन सोमवार से ही तापमान में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार रात में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी के बाद अधिकतम तापमान 44.2 और न्यूनतम 31.9 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया था। सोमवार को मामूली इजाफे के साथ अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री तक पहुंचा था, लेकिन बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री तक पहुंचने से लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया था कि बृहस्पतिवार को बादल छाने से तापमान में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन बदले मौसम ने इस पूर्वानुमान को ध्वस्त कर दिया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब आठ जून तक तापमान 46 डिग्री से नीचे आने का अनुमान कम ही है। अब तक जून के पहले सप्ताह में प्री-मानसून की बौछारों की उम्मीद थी, लेकिन तीन-चार दिन से जिस तरह तापमान ने तेवर दिखाए हैं उसको देखते हुए नहीं लगता कि बदायूं और आसपास के इलाकों में जून के दूसरे सप्ताह से पहले गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार बुधवार को वायु का एक्यूआई 228 दर्ज किया गया। एक्यूआई की यह घातक श्रेणी है। हवा की रफ्तार कम होने के कारण भी एक्यूआई में इजाफा हो रहा है। तापमान और मौसम में होने वाले असामान्य बदलाव कोयला, तेल उत्पाद और गैसों के ज्यादा इस्तेमाल के कारण हो रहे हैं। धरती का तापमान ग्लोबल वार्मिंग की वजह से बढ़ रहा है। आने वाले समय में इसके दुष्प्रभाव देखने को मिलेंगे।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!