घाघरा नदी में युवक की डूबकर हुई मौत, नही मिला शव
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
हैदरगढ़, बाराबंकी। शुक्रवार को वरिष्ठ अधिवक्ता व तहसील बार के पूर्व अध्यक्ष अचल कुमार मिश्र के पुत्र की शुक्रवार की सुबह घाघरा नदी में डूबकर मौत हो गई। कोतवाली हैदरगढ़ के सराय रावत गांव निवासी अधिवक्ता अचल कुमार मिश्र का 24 वर्षीय पुत्र धर्मेश मिश्र बहराइच जनपद में जरवल रोड थाना क्षेत्र में इम्पीरियल कंपनी में सुपरवाइजर था। यह इम्पीरियल कंपनी सिंचाई विभाग के अन्तर्गत घाघरा नदी के पानी की धारा मोड़कर सही दिशा में पानी का बहाव बनाने का काम करती है। इसी कंपनी का सुपरवाइजर धर्मेश मिश्र काम की देखभाल में लगा था। बताते हैं कि सुबह लगभग 10 बजे धर्मेश के कुछ दोस्त मौके पर आकर उसके साथ नदी में नहाने की इच्छा प्रकट की। धर्मेश अपने दो दोस्तों के साथ नदी में नहाने लगा। इसी समय पानी के तेज बहाव के कारण चंद क्षणों में वह बीच धारा में बह गया। दोस्तों की नजर के सामने ही वह डूब गया। बेटे के घाघरा नदी में डूब जाने की सूचना दोपहर में तहसील में काम कर रहे अधिवक्ता अचल मिश्र को मिली तो वह बदहवास हो गए। पूरे तहसील में हड़कंप मच गया। सभी अधिवक्ता काम काज ठप कर शोक में डूब गए। बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील से ही घाघरा घाट के लिए रवाना हो गए। वहीं बेटे के नदी में डूब जाने की सूचना जब सराय रावत गांव पहुंची तो पूरे गांव में कोहराम मच गया। पता चला है कि गोताखोरो की टीम घाघरा नदी में धर्मेश के शव की तलाश कर रही है। लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली है।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

