बाराबंकी। आखिरकार कानून के शिकंजे में सरकारी भूमि हड़पने वाले जैदपुर के शातिर ठगों पर लेखपाल की शिकायत पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हो गया, जिससे क्षेत्र के भूमाफियाओं में हड़कम्पप मच गया है और कई भूमाफिया अण्डरग्राउण्ड हो गये तो कई कस्बा छोड़कर फरार हो गये, इस कार्यवाही से अवैध कब्जेदारों की रातों की नींद हराम हो गई है और बचने के लिए पक्ष और विपक्ष के नेताओं की परिक्रमा शुरू कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा जैदपुर के क्षेत्रीय लेखापाल मनोज कुमार सिंह द्वारा थाना जैदपुर में दी गई तहरीर पर धारा 420, 467, 468, 471 आई0पी0सी0 व धारा 2, 3 सार्वजनिक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधि0 का मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें नामजद अभियुक्त डाक्टर अफजाल पुत्र अबुल हसन निवासी मोहल्ला मुक्खिन कस्बा व थाना जैदपुर बाराबंकी व 2 अन्य व्यक्ति हैं। मालूम हो कि राजस्व ग्राम जैदपुर के गाटा संख्या-97/0.191 हे0 नवीन परती खाते में दर्ज है जिस पर अवैध रूप से शिक्षण संस्थान बनवा लिया गया तथा कुछ भूमि को अन्य व्यक्तियों को बिना हक व अधिकार के कूटरचना व धोखाधड़ी व हेराफेरी करके सरकारी भूमि को आर्थिक लाभ अर्जित करते हुए बेच डाला गया है, और कुछ भूमि पर दुकाने व मकान बनवा लिये गये हैं। सूत्रों से पता चला है कि जिला प्रशासन डा0 अफजाल की गतिविधियों पर नजरें सतर्क रखें हुए हैं और कई अन्य मामले डाक्टर अफजाल के विरूद्ध मिले हैं जिस पर भी जल्द बड़ी कार्यवाही देखने को मिलेगी, वहीं अन्य अवैध कब्जेदारों में सनसनी फैल गई है तो क्षेत्रीय जनता इस कार्यवाही का स्वागत कर रही है। अब देखना यह है कि शातिर ठग पुलिस की गिरफ्त में आते हैं या नहीं, यह तो आने वाला वक्त ही बतायेगा।