लापरवाही की इंतहा: मोर्चरी में शव की आंख खा गए चूहे, जिसने देखा निकल गई चीख, लाशों के साथ पहले भी होता रहा है ये घिनौना काम।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान - बदायूं 9719216984
बदायूं जेल में सजायाफ्ता कैदी भोलू शर्मा ने फंदे से लटककर जान दे दी थी। रात के समय उसका शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। सुबह परिवार वाले जब अस्पताल पहुंचे तो उसकी एक आंख गायब देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने आंख निकालने का आरोप लगाया है।
बदायूं जेल में फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या करने वाले कैदी की एक आंख चूहे खा गए। रात के समय उसका शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। उसमें कहीं से चूहे घुस गए और उसकी एक आंख कुतरकर गए। सुबह परिवार वालों ने उसकी लाश देखी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने आंख निकालने का आरोप लगाया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चूहों के आंख कुतरने की ही पुष्टि हुई है। रविवार दोपहर जेल में सजायाफ्ता कैदी भोलू शर्मा ने फंदे से लटककर जान दे दी थी। भोलू शर्मा अलीगढ़ जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के गांव नेहला का रहने वाला था। वह करीब दो साल पहले एक गैंगस्टर के मामले में जेल आया था। उसे न्यायालय ने चार साल की सजा सुनाई थी। परिवार वाले उससे मिलने नहीं आ पा रहे थे और न ही उसकी जमानत हो रही थी। इससे कैदी ने रविवार दोपहर फंदे पर लटककर जान दे दी।
इसके बाद जेल प्रशासन ने कैदी के शव को फंदे से उतरवाकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। जेल प्रशासन की सूचना पर उसके परिवार वाले रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल पहुंच गए। परिवार वालों का कहना है कि उस वक्त कैदी की दोनों आंख ठीक थीं, लेकिन सोमवार सुबह जब उसका शव देखा तो एक आंख गायब थी। इस पर परिवार वालों ने कैदी की एक आंख निकालने का आरोप लगाया है। इसकी सूचना पर जेलर आदित्य कुमार भी मोर्चरी पहुंचे। मामले की जानकारी ली गई तो पता चला कि पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं। मोर्चरी में चूहे आंख, कान आदि कुतरकर खा जाते हैं। भोलू की भी एक आंख खा गए। दोपहर के समय उसका पोस्टमार्टम करा दिया गया। उसमें भी चूहों द्वारा आंख खाने की पुष्टि हुई है। परिवार वाले कैदी के शव को अलीगढ़ ले गए हैं। इस संबंध में एसपी सिटी प्रवीण सिंह चौहान का कहना है कि मोर्चरी में कैदी की आंख चूहे ही खा गए होंगे। कोई उसकी आंख क्यों निकालेगा।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान – बदायूं 9719216984

