सरकार की मंशा, किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य मिले: मुकुट बिहारी आयोजित किसान गोष्ठी में बोले सहकारिता मंत्री
मोहम्मद वसीम कुरेशी संवाददाता
मसौली बाराबंकी। सहकारी संघ बड़ागाँव में आयोजित वृहद किसान गोष्ठी में सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने तीन सौ कृषकों को जैविक घोल एव हैंडवैग का वितरण किया। किसानों की मांग पर सहकारी संघ परिसर में बैक स्थापित करने का आश्वासन दिया। गोष्ठी का शुभारंभ सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया तथा किसानों से रूबरू होते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि आज देश का किसान समृद्धिशाली होता जा रहा है। केन्द्र व प्रदेश की सरकार किसानों के हितों के लिए सदैव तत्पर है। सरकार की मंशा है कि किसानों को उनकी उपज का वाजिब मूल्य मिले तथा उन्हें खेती किसानी से सम्बन्धित कोई समस्या न हो। किसानों को अपनी सोच बदलनी होगी तथा उन्नतिशील खेती कर अपनी आय को बढ़ाना होगा तभी उनकी आय में बढोत्तरी होगी। उन्होने कहा कि देश का किसान जितना जागरूक होगा उतना ही देश तरक्की करेगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि किसानों को परम्परागत खेती के साथ साथ व्यवसायिक खेती भी करनी चाहिए तभी किसानों की आय दुगुनी की जा सकती हैं जिसमे बाराबंकी के किसानों का अनुकरण प्रदेश के अन्य जिलों में हो रहा है। मेन्था खेती किसान की आय बढ़ाने में मदद कर रहा है। श्री वर्मा ने कहा कि पूर्ववती सरकारों में किसानों को खाद के लिए लाइने लगनी पड़ती थी तथा नकली खाद की बिक्री होती थी हमारी सरकार ने किसानों को समय पर और पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने का कार्य किया है जिसके लिए एक सौ करोड़ रुपये की बजाय सरकार ने डेढ़ सौ करोड़ रूपये जमा किया है कि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि हमारी साधन सहकारी समितियाँ किसानों को 3 प्रतिशत पर ऋण देती है किसानों की जिम्मेदारी बनती है कि समय से ऋण की अदायगी करे तथा जल्द ही सभी साधन सहकारी समितियां कम्प्यूटराइज्ड होगी जिस पर खाद के आलावा अन्य वस्तुओं की बिक्री की जायेगी। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने किसानों से कहा कि सहकारिता विभाग किसानों का हमसफर है सहकारी बैंक किसानों को कम ब्याज पर अधिक ऋण देकर सहायता प्रदान करने के लिए खोले गए है। बैंक के नियमों का पालन करते हुए किसानों को इसका भरपूर लाभ हासिल करना चाहिए उन्होंने कहा कि पहले किसानों द्वारा बैंक से लिए गए ऋण पर जहा 11 फीसदी ब्याज लिया जाता था वहीं अब इसकी दर सहकारी बैंकों से 3 फीसदी कर दी गयी है बशर्ते की किसान द्वारा समय पर ऋण चुकता करने का कार्य करे। उन्होंने कहा कि किसानो को चाहिए कि वह फसल आने के पश्चात ऋण चुकता कर न केवल ब्याज का लाभ हासिल कर सकता है बल्कि आगे फसल के लिए ऋण भी ले सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे बैंक से मिलने वाले के्रडिट कार्ड की प्रक्रिया को और सरल व सुलभ बनवाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। महाप्रबन्धक पीके सिसौदिया ने किसान फसल सुरक्षा एवं कृषि रसायन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से फसल अवशेष न जलाने बल्कि जैविक खाद के रूप में प्रयोग करने की जानकारी दी। कृभको के मार्केटिंग प्रबन्धक जेपी सिंह ने किसानों को जैविक घटक, तरल जैव उर्वरको आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सहकारी संघ के सभापति श्यामलाल वर्मा की अध्यक्षता एव भाजपा नेता रामसिंह भुल्लन वर्मा के संचालन में संघ की संचालन समिति ने मंत्री श्री वर्मा को अंगवस्त्र एव प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। संगोष्ठी को भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार श्रीवास्तव, पिछड़ा वर्ग मौर्चा के प्रदेश महामंत्री नानकदीन भुर्जी, एआर आदित्य कुमार दुबे, क्षेत्रीय अधिकारी कृभको ज्ञानेन्द्र यादव, मेन्था किसान समिति के अध्यक्ष डॉ0 राजेश कुमार वर्मा, राजकुमार सोनी, विनीत कुमार वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा, प्रवेश यादव, रमेश वर्मा,सेवानिवर्त्त सचिव रामकरन वर्मा, एडीओ सहकारिता शैलेन्द्र कुमार, जिला सहकारी बैंक शाखा बड़ागाँव के प्रबन्धक ब्रजेश कुमार गौतम, संघ के सचिव राम मनोरथ वर्मा सहित अन्य लोगो ने सम्बोधित किया।
मोहम्मद वसीम कुरेशी संवाददाता

