खबरों की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मीडिया का करें सहयोग: डीएम नवागत डीएम अविनाश कुमार ने पत्रकारों से की वार्ता

बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

बाराबंकी। ़तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता से समाज जुड़ता है। कोई भी शासकीय स्तर पर खबर लिखने से पहले संबंधित अधिकारी से जानकारी अवश्य लें, ताकि ख़बर की निष्पक्षता बनी रहे। मेरा हमेशा यह प्रयास रहेगा कि मैं जनता के लिए बेहतर कर सकूं। यह बात गुरूवार को नगर के कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए नवागत जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कही। सीएम योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव और जनपद हरदोई के डीएम रहे अविनाश कुमार ने जिले में डीएम पद का कार्यभार ग्रहण करने के दूसरे दिन पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने पत्रकार वार्ता में आगे कहा कि प्रशासन संवेदनशील बने और जिला स्तरीय अधिकारी जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। मीडिया शासन, प्रशासन और समाज का आईना होता है। हमारी कोशिश होगी कि पत्रकारों से तालमेल व सामंजस्य स्थापित करते हुए कार्य करू। मीडिया के माध्यम से जो समस्याएं मेरी संज्ञान में लायी जाएंगी उसका पूर्णतया निस्तारण करने का प्रयास करूंगा। उन्होंने बताया कि जनपद हरदोई में जिलाधिकारी रहते हुए पत्रकारों ने मेरा बहुत साथ दिया। जिस कारण हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन से जोड़ सका। मेरा प्रयास होगा कि शासन के निर्देशों का पालन करते हुए आम जनमानस को दी जा रही सुविधाएं, लाभार्थियों तक शत प्रतिशत पहुंच सके। मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में जनसामान्य द्वारा की जा रही शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाना सर्वाेच्च प्राथमिकता में से एक होगा। जनपद के सभी लोगों के समन्वय से शासन की नीतियों का धरातल पर क्रियान्वित करने का कार्य किया जाएगा। कैमिकल इंजीनियर से आईएएस बने डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि वह 2013 बैच के आईएएस ऑफिसर है। प्रशिक्षण के दौरान जनपद गोण्डा में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तथा फर्रूखाबाद में मुख्य विकास अधिकारी पद पर योगदान दिया। इसके साथ ही लगभग तीन वर्ष विशेष सचिव, मुख्यमंत्री के पद पर भी रहा। इसके बाद जनपद हरदोई में जिलाधिकारी रहा। इस बीच कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज को अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती एकता सिंह, अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुमित यादव सहित कई समाचारपत्रों व न्यूज चैनलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बाराबंकी: रिपोर्ट शमीम अंसारी: एसएम न्यूज24टाइम्स 9415526500

 

 

 

Don`t copy text!