दक्षिणी पाकिस्तान के सिंध प्रांत में एक यात्री बस के ट्रेन से टकराने के कारण हुए दुर्घटना में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों अन्य घायल हो गए हैं।पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार रात सिंध के सुक्कुर ज़िले के पास घटी।पीड़ितों में से ज़्यादातर बस यात्री हैं। यह बस सिंध प्रांत की राजधानी कराची से पंजाब प्रांत के सरगोधा शहर जा रही थी।दक्षिणी पाकिस्तान में अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि पीड़ितों में से कुछ की हालत काफ़ी गंभीर है, जिसके कारण मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है।ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान में यातायात के कमज़ोर आधारभूत ढांचे और तकनीक के आधुनिकरण न होने के कारण, इस तरह की घटनाओं में हर साल सैकड़ों लोगों की जान जाती है।

