अमरीका तालेबान शांति समझौते के दो दिन बाद ही अफ़ग़ानिस्तान में बम धमाका, सैनिक प्रतिष्ठानों पर हमला
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
अफ़ग़ानिस्तान में कुछ दिनों के युद्ध विराम की समाप्ति पर ख़ौफ़नाक बम धमाका हुआ है और तालेबान ने अमरीका के साथ शांति समझौते के दो दिन बाद ही अपने लड़ाकों से कह दिया है कि वह अफ़ग़ान फ़ोर्सेज़ के ख़िलाफ़ आप्रेशन बहाल कर दें।
अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी इलाक़े ख़ोस्त में एक फ़ुटबाल ग्राउंड में होने वाले हमले की अब तक किसी ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है जिसमें अधिकारियों के अनुसार तीन भाई मारे गए हैं। धमाका उस समय हुआ जब तालेबान ने अपने लड़ाकों को अफ़ग़ान सेना और पुलिस के ख़िलाफ़ हमले करने का आदेश दिया जो विदित रूप से सरकारी स्तर पर हिंसा में कमी के समझौते की समाप्ति के अर्थ में था।
ज्ञात रहे कि अमरीका, तालेबान और अफ़गान फ़ोर्सेज़ के बीच अस्थायी समझौता एक सप्ताह तक चला जिसके नतीजे में अमरीका और तालेबान के बीच दोहा में शनिवार को समझौते पर हस्ताक्षर हुए।
दूसरी ओर तालेबान के प्रवक्ता ज़बीहुल्लाह मुजाहिद ने एएफ़पी से बात करते हुए बताया कि हिंसा में कमी का समझौता अब समाप्त हो चुका है और हमारे आप्रेशन सामान्य रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि अमरीका तालेबान समझौते के अनुसार हमारे लड़ाके अब विदेशी सैनिकों पर हमले नहीं करेंगे लेकिन अफ़ग़ान फ़ोर्सेज़ पर हमले किए जाएंगे।
इसके तत्काल बाद अफ़ग़ान सेना के कमांडर ने बताया कि पश्चिमोत्तरी प्रांत बग़दीस में तालेबान सैनिक प्रतिष्ठानों पर हमले कर रहे हैं जिसके नतीजे में कम से कम एक सैनिक मारा गया है।
इस बीच अफ़ग़ान राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी ने कहा है कि वह अमरीका और तालेबान के बीच हुए समझौते के अनुसार 5000 तालेबान लड़ाकों को रिहा नहीं करेंगे।

