ट्यूनीशिया की राजधानी ट्यूनिस में अमरीकी दूतावास के सामने आत्मघाती हमलावर ने खुद को धमाके से उड़ा लिया जिसमें हमलावर की मौत हो गई जबकि हमले में कम से कम पांच पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं।स्थानीय मीडिया ने बताया कि हमलावर एक मोटरबाइक पर बैठ कर आया और उसने अमरीकी दूतावास के सामने पहुंचने के बाद ख़ुद को धमाके से उड़ा लिया। इस हमले के नतीजे में वहां तैनात पांच पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं।इस हमले का अधिक ब्योरा नहीं मिल सका है लेकिन अमरीका की नीतियों के चलते बहुत से देशों में अमरीका विरोधी भावना पायी जाती है।इराक़ की राजधानी बग़दाद में भी अमरीकी दूतावास पर राकेट से हमला किया गया है।
काबुल की सत्ता अपने कंट्रोल में ले सकते हैं तालेबान, हम और 20 साल अफ़ग़ानिस्तान की हिफ़ाज़त नहीं कर सकते, देशों को ख़ुद अपना ख़याल रखना होगाः ट्रम्प

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमरीकी सैनिकों के अफ़ग़ानिस्तान से निकल जाने के बाद इस देश की सत्ता पर तालेबान का नियंत्रण हो जाएगा।ट्रम्प ने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकियों की वापसी के बाद तालेबान संभावित रूप से अफ़ग़ान सरकार का कंट्रोल संभाल लेंगे।वाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में डोनल्ड ट्रम्प ने कहा कि देशों को ख़ुद अपना ख़याल रखना चाहिए आप किसी व्यक्ति का केवल हाथ ही थाम सकते हैं।ट्रम्प ने कहा कि हम अफ़ग़ानिस्तान में अगले 20 साल तक नहीं रह सकते, हम पहले ही 20 साल से अफ़ग़ानिस्तान को सुरक्षा दे रहे हैं लेकिन अगले बीस साल नहीं। ट्रम्प ने कहा कि आख़िरकार उन्हें अपनी सुरक्षा ख़ुद करनी होगी।
तालेबान और अमरीका के बीच होने वाले समझौते के बारे में बहुत से लोगों का कहना है कि अमरीका अफ़ग़ानिस्तान से पीछा छुड़ाना चाहता है क्योंकि उसे यक़ीन हो गया है कि वह इस देश में अपना कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएगा।

