अकबराबाद चौराहे से हटाया जेसीबी ने अतिक्रमण
सहसवान। कोतवाली पुलिस द्वारा मंगलवार से नगर में अतिक्रमण के खिलाफ शुरू किया गया अभियान गुरुवार को भी जारी रहा। कोतवाल सौरभ सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मुख्य बाजार चौराहे से पठान टोला चौराहे तक दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर रखवाया। साथ ही ताकीद की कि यदि दोबारा उन्होंने अपनी दुकानों का सामान बाहर रखा तो उनके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस टीम नगर के मध्य से गुजरने वाले बदायूं मेरठ हाईवे के अकबराबाद चौराहे पर पहुंची। यहां पुलिस ने सड़क के दोनों ओर मार्ग घेर कर खड़े ठेले खोमचे वालों और जमावड़ा लगाए खड़े वाहनों को वहां से खदेड़ दिया। पुलिस ने नगर पालिका की जेसीबी मंगा कर हलवाइयों द्वारा सड़क किनारे बनाई गई भट्टी आदि को भी तुड़वा दिया। कोतवाल ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी यदि किसी ने हाइवे के किनारे बने नाले के बाहर वाहन खड़ा किया अथवा ठेले खोमचे लगाए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा तीन दिन से लगातार अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाए जाने से अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में खलबली मची हुई है। कोतवाल ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना न करना पड़े।
*मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज 24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984*

