व्यवहारिक गारेंटी न मिलने की स्थिति में यूरेनियम का व्यापक संवर्धन शुरू कर दिया जाएगाः ईरान
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता का कहना है कि व्यवहारिक गारेंटी न मिलने की स्थिति में तेहरान यूरेनियम का व्यापक संवर्धन शुरू कर देगा।
सैयद हुसैन नक़वी हुसैनी ने कहा है कि अगर परमाणु समझौते या जेसीपीओए को लागू करने के लिए यदि यूरोपीय संघ व्यवहारिक गारंटी नहीं देता तो ईरान, आईएईए के साथ सहयोग को सीमित करते हुए यूरेनियम का व्यापक संवर्धन आरंभ कर देगा। उन्होंने कहा कि गारेंटी न मिलने की सूरत में अन्तर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेन्सी के साथ सहयोग भी सीमित किया जाएगा तथा व्यापक संवर्धन का काम शुरू हो जाएगा। ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता ने बुधवार को संसद की बैठक में जेसीपीओए के लागू किये जाने की प्रक्रिया के बारे में रिपोर्ट पढ़कर सुनाई।
याद रहे कि अमरीका की ओर से वचन तोड़े जाने तथा यूरोपीय संघ की ओर से वादों को पूरा न किए जाने को एक वर्ष तक सहन करने के बाद ईरान ने मजबूर होकर 8 मई 2019 को जेसीपीओए से संबन्धित वचनों को चरणबद्ध ढंग से कम करने का क़दम उठाया था। इसी प्रकार ईरान ने 5 जनवरी 2020 को एक बयान जारी करके जेसीपीओए से संबन्धित प्रतिबद्धताओं को कम करने के पांचवें चरण का एलान किया था। जेसीपीओए के 26वें और 36वें अनुच्छेद के अनुसार सामने वाले पक्ष की ओर से दिये गए वचनों को पूरा न किये जाने की स्थिति में ईरान को यह अधिकार प्राप्त है कि वह अपने वचनों को आंशिक रूप से लेकर पूर्ण रूप तक रोक सकता है।

