भारत में कोरोना के मामले 9 हज़ार के लगभग पहुंच गये है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि भारत में कोरोना के कुल 8356 पॉज़िटिव केस हैं। इनमें से 20 प्रतिशत मरीज़ों के लिए ही आईसीयू की आवश्यकता है।
भारत में विदेशी नागरिकों सहित कोरोना वायरस महामारी से संक्रमित होने वालों की संख्या बढ़कर 8447 हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने शनिवार को जारी आंकड़ों में कहा कि देश में कोविड-19 संक्रमण के चलते 273 मौतें हुई हैं और वर्तमान में कुल 7409 व्यक्ति महामारी से संक्रमित हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 918 नए मामले सामने आए हैं जबकि 31 लोगों को इस वायरस की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी है और अब तक कुल 765 मरीज़ इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं।
उनका कहना था कि भारत में 1671 मरीज़ों को ऑक्सीजन और गंभीर उपचार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 9 अप्रैल के आंकड़ों के अनुसार हमें 1100 बेड की आवश्यक्ता थी और हमारे पास 85 हज़ार बेड मौजूद थे।
आईसीएमआर की ओर से देश को कोरोना वायरस से जुड़े अपडेट देते हुए डॉ. मनोज मुरहेकर ने कहा कि 40 से अधिक वैक्सीन पर काम चल रहा है लेकिन अभी तक कोई अगले स्टेज में नहीं पहुंचा है। भारत भी इस प्रयास में व्यस्त है।
उन्होंने बताया कि देश में अब कोरोना की जांच के लिए 219 लैब हैं। कुल 1.86 लाख टेस्ट हो चुके हैं। पिछले पांच दिन से हर दिन औसतन 15 हज़ार सैंपल की जांच की जा रही है और इनमें औसतन 584 केस पॉज़िटिव पाए गए हैं।
Related Posts

