जिलाधिकारी के अध्यक्षता में 50 लाख से अधिक निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न, परियोजनाओं का नियमित भौतिक सत्यापन कर गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पत्रकार शमीम अंसारी
बाराबंकी, 27 जुलाई । जिलाधिकारी श्री सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में आज जनपद में निर्मित व निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में आयोजित हुई । जिसमें 50 लाख रुपये से अधिक लागत, मा० मुख्यमंत्री जी की घोषणा से सम्बन्धित परियोजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियन्त्रण, सांसद निधि योजनान्तर्गत कराये जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गयी।
जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम 50 लाख रुपये से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान पूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्ण परियोजनाओं को तत्काल सम्बन्धित विभाग को हैण्डओवर कर दिया जाय।
जिलाधिकारी ने समस्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परियोजनाओं का भौतिक सत्यापन नियमितरूप से करते रहें एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाना सुनिश्चित करें। समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया कि नोडल अधिकारियों द्वारा सत्यापन में जो कमियां अंकित की जा रही हैं, उसे तत्काल ठीक कराकर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने ब्लॉक बनीकोडर में निर्माणाधीन आईटीआई की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था और सम्बन्धित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए । उन्होंने कार्यदाई संस्थाओं को कार्य पूर्ण होने के उपरांत समस्त सूचनाओं के साथ बोर्ड लगाने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अ० सुदन, परियोजना निदेशक डी०आर०डी०ए० श्री मनीष कुमार, जिला विकास अधिकारी श्री भूषण कुमार, उपायुक्त स्वतः रोजगार, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री ओपी त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी , उपनिदेशक-कृषि श्री श्रवण कुमार , बेसिक शिक्षा अधिकारी जिला श्री संतोष देव पांडेय, अधिशासी अभियन्ता-प्रा०ख० लो०नि०वि०, निर्माण खण्ड-1व निर्माण खण्ड-3, तथा ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग सहित अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।पत्रकार शमीम अंसारी

