मुंबई, । कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए इस समय लोगों के बीच पुलिस ही दीवार बनकर खड़ी है, जो लॉकडाउन का पालन करवाने में जुटी हुई है. लेकिन कोरोना से बचाने वाले ही अब कोरोना का शिकार हो रहे हैं. दरअसल डॉक्टर, नर्स एवं के बाद अब पुलिसकर्मी भी इस खतरनाक संक्रमण के चपेट में आ रहे हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में अब तक 40 पुलिसकर्मी इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, वहीं मुंबई में यह आंकड़ा 15 तक पहुंच गया है। इसके बाद से ही पुलिसकर्मियों में भी दहशत का माहौल पैदा हो रहा है। वहीं पुलिसकर्मियों में संक्रमण बढ़ता देख उनके परिजन में डर का माहौल है। संक्रमण के मामले के बाद ही पुलिस कॉलोनी एवं पुलिस स्टेशन को सैनिटाइज करने का काम किया जा रहा है। 40 कोरोना संक्रमित पुलिसकर्मियों में से 8 अधिकारी हैं, जबकि 32 कर्मचारी हैं। इन सभी के संपर्क में आए हुए अन्य लोगों का भी टेस्ट किया जा रहा है। मुंबई के खार, जुहू, बांगुर नगर और कुरार सहित अन्य पुलिस स्टेशनों में कोरोना के मामले सामने आए हैं। इसके बाद सभी पुलिस कॉलोनी को सैनिटाइज किया जा रहा है, जिससे पुलिस कॉलोनी में रहने वाले पुलिस के परिजन भी दहशत में जी रहे हैं। इस खतरे को भांपते हुए कई पुलिसकर्मी 2 या 3 दिन बाद घर जा रहे हैं एवं जितना हो सके परिजनों से मिलना-जुलना कम कर रहे हैं।
Related Posts

