मुझे बहुत अधिक विश्वास है कि कोरोना वायरस चीन की वुहान प्रयोगशाला से फैलाः ट्रम्प
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने फिर कहा है कि उन्हें बहुत अधिक विश्वास है कि कोरोना वायरस चीन की वुहान प्रयोगशाला से फैला है।
राष्ट्रपति ट्रम्प ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझे विश्वास है कि चीन में वुहान वायरोलोजी इंस्टीट्यूट से कोरोना वायरस शुरू हुआ।
ट्रम्प से सवाल किया गया कि क्या आपने अब तक कोई एसी चीज़ देखी है जिससे बहुत अधिक हद तक यह विश्वास पैदा हो कि कोरोना वायरस वुहान की प्रयोगशाला से शुरू हुआ है तो इसके जवाब में ट्रम्प ने कहा है कि हां मैंने एसी चीज़ देखी है।
ट्रम्प से जब यह पूछा गया कि आप किस आधार पर यह बात कह रहे हैं तो ट्रम्प ने कहा कि मुझे आपको यह बताने की अनुमति नहीं है।
हालांकि गुरुवार को ही अमरीका के नेशनल इंटेलीजेन्स डायरेक्टर के कार्यालय ने एक बयान जारी किया जिसमें यह कहा गया है कि अमरीकी इंटेलीजेन्स कम्युनिटी इस निष्कर्ष पर पहुंची है कि कोविड-19 वायरस इंसान ने नहीं बनाया और न ही उसके जेनेटिक्स में कोई बदलाव किया है। मगर इसके साथ ही बयान में कहा गया है कि अमरीकी जासूस नई जानकारियों का जायज़ा लेते रहेंगे ताकि यह तय किया जा सके कि कोरोना वायरस की महामारी इंसान के जानवर के संपर्क में आ जाने से फैली या वुहान की प्रयोगशाला में होने वाली किसी दुर्घटना का नतीजा है।

