हाई-लॉस फीडर पर ऊर्जा निगम और विजिलेंस की छापेमारी, 17.084 किलोवाट अवैध लोड मिला
सहसवान, बदायूं। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ऊर्जा निगम और विजिलेंस टीम ने सहसवान क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसडीओ सहसवान के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बिजली चोरी के मामले सामने आए। टीम ने एक स्थान पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा अवैध रूप से बिजली से चार्ज होते पकड़े।
23 ई-रिक्शा अवैध रूप से चार्ज होते मिले
अभियान के दौरान एक स्थान पर 23 ई-रिक्शा बिजली की मुख्य लाइन में कटिया डालकर चार्ज किए जा रहे थे। जांच में मौके पर करीब 17.084 किलोवाट का अवैध विद्युत भार पाया गया। टीम ने मौके पर बिजली चोरी के साक्ष्य दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
दूसरे स्थान पर 2 ई-रिक्शा और तीन उपभोक्ता पकड़े गए
वहीं एक अन्य स्थान पर 2 ई-रिक्शा करीब 5.687 किलोवाट अवैध लोड के साथ बिजली से चार्ज होते मिले। इसके अलावा अभियान के दौरान तीन अन्य उपभोक्ता भी बिना वैध कनेक्शन के कटिया डालकर एसी एवं अन्य विद्युत उपकरण चलाते पाए गए।
धारा 135 के तहत एफआईआर की कार्रवाई
बिजली चोरी के मामलों में विभाग की ओर से संबंधित आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। विभागीय टीम द्वारा चोरी किए गए विद्युत भार के आधार पर नियमानुसार असेसमेंट की कार्रवाई भी की जाएगी।
अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटरों पर नजर
एसडीओ सहसवान ने कहा कि हाई-लॉस फीडरों पर बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटरों और कटिया डालकर बिजली इस्तेमाल करने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ऊर्जा निगम की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से ई-रिक्शा चार्जिंग करने वालों और बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ताओं में खलबली मची हुई है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

