उसहैत में एक 45 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह पहुंचे घटनास्थल पर

मुकीम अहमद अंसारी

उसहैत,बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के मुगर्रा जरासी गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव मंगलवार सुबह मुगर्रा जरासी गांव के तिराहे के पास मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
मृतक की पहचान अहमदनगर बछौरा गांव निवासी राजाराम (45) पुत्र भूमिराज के रूप में हुई है। सोमवार रात राजाराम गंगा किनारे स्थित अपने खेत में गेहूं की फसल की रखवाली करने गया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उसका शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, राजाराम के पेट में गोली मारी गई थी। शुरुआती जांच में पुलिस यह मान रही है कि हत्या किसी और स्थान पर की गई होगी और पहचान छिपाने या गुमराह करने के इरादे से शव को यहां लाकर फेंका गया है। घटनास्थल पर किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं।
परिजनों ने गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दो दिन पहले गंगा में मछली पकड़ने को लेकर हिस्ट्रीशीटर का राजाराम से झगड़ा हुआ था। हालांकि, गांव वालों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था, लेकिन हिस्ट्रीशीटर तभी से रंजिश पाले हुए था।

*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

Don`t copy text!