बर्तन व्यापारी की पत्नी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, भतीजों ने ही रची थी लूट और हत्या की साजिश।
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूं। दातागंज थाना क्षेत्र के गांव पापड़ में बीते दिनों बर्तन व्यापारी के घर में हुई लूटपाट और महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस जघन्य वारदात को किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि परिवार के ही भतीजों ने रुपए के लालच में अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पूरी घटना दातागंज कोतवाली क्षेत्र के पापड़ गांव की है।
दरअसल, 2 जनवरी की रात दातागंज कोतवाली क्षेत्र के पापड़ गांव में बर्तन व्यापारी के घर में लूटपाट की घटना हुई थी। बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी के साथ लूटपाट करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
बताया जाता है कि मृतका की बेटी ने अपने चचेरे भाइयों पर हत्या का शक जताते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया माल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने रुपए के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

