रास्ते के विवाद को लेकर एक युवक के घर में घुसकर महिलाओं के साथ जमकर की मारपीट आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र के ग्राम लवेदपुर में रास्ता विवाद को लेकर एक व्यक्ति की बेटियों पर हमला किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की, जिसमें एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पीड़ित राकेश पुत्र राम सिंह निवासी लवेदपुर के अनुसार, गांव के हरनाम पुत्र लाखन और रतीराम के बेटे ललतेश, पंकज व सोमेंद्र उनके खेत से जबरन रास्ता मांग रहे थे। राकेश के खेत में लिप्टस की बगिया लगी है और यह खेत अब आबादी क्षेत्र में आ गया है।
घटना 1 मार्च 2026 की सुबह करीब 10 बजे की है। राकेश काम पर गए हुए थे, जबकि उनकी बेटियां खुशबू, गुंजन और रजनी अपने खेत पर गई थीं। तभी कथित आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।
बेटियों ने गालियों का विरोध किया और घर लौट आईं। इसके बाद आरोपी लाठी-डंडे लेकर राकेश के घर में घुस गए। गालियों का विरोध करने पर उन्होंने राकेश की बेटी खुशबू को लात-घूंसों और डंडों से बुरी तरह पीटा। जब गुंजन और रजनी ने खुशबू को बचाने की कोशिश की, तो उन्हें भी मारा-पीटा गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मारपीट में खुशबू के शरीर पर कई जगह चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर राकेश घर पहुंचे और अपनी बेटियों को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

