शराब सेल्समैन व उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला हालत गंभीर हायर सेंटर रेफर हालत सुधार होने पर पुलिस को दी तहरीर,
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। थाना क्षेत्र में शराब के पैसे मांगने पर एक सेल्समैन और उसकी पत्नी पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने पहले दुकान पर मारपीट की, फिर घर में घुसकर दोनों को बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल सेल्समैन और उसकी पत्नी को जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है।
यह घटना 18 फरवरी 2026 की रात करीब 9:15 बजे कोल्हार गांव में हुई। पीड़ित विनोद कुमार गांव में स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन का काम करता है। उसके पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के ही अजय, वीरपाल, कृपाल और धर्म सिंह शराब लेने दुकान पर आए थे।
विनोद ने शराब देने के बाद जब उनसे पैसे मांगे, तो आरोपियों ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। विनोद ने गालियां देने से मना किया, तो उन्होंने धारदार हथियार, सरिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए विनोद भागकर अपने घर में छिप गया, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते हुए घर के अंदर घुस गए। जब विनोद की पत्नी विमला उसे बचाने आई, तो आरोपियों ने उसे भी बुरी तरह पीटा। वे विमला को घर से बाहर खींचकर ले गए और जमीन पर गिराकर मारपीट की।
शोर सुनकर विनोद के माता-पिता, बहनें और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस हमले में विनोद का सिर फट गया और उसकी पत्नी विमला को भी गंभीर चोटें आईं। विनोद घटनास्थल पर ही बेहोश हो गया था।
बेहोशी की हालत में विनोद और उसकी पत्नी को पहले सहसवान अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया। विनोद के पिता ने बताया कि बेटे की गंभीर स्थिति के कारण वे तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा पाए थे। अब विनोद की हालत में कुछ सुधार होने पर उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। विनोद अभी भी जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती है और डॉक्टरों की निगरानी में है।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

