बदायूँ जिला न्यायालय में सुरक्षा अलर्ट, सूचना मिलते ही मचा हड़कंप; पुलिस, बम निरोधक दस्ता और तकनीकी टीम ने घंटों की तलाशी
मुकीम अहमद अंसारी
बदायूँ। जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को एक संदिग्ध सूचना मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था अचानक कड़ी कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, बम निरोधक दस्ता (BDS) और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे न्यायालय परिसर की कई घंटों तक गहन तलाशी ली गई, जिससे न्यायालय परिसर में कुछ समय के लिए हड़कंप का माहौल बना रहा।
चर्चा रही कि न्यायालय को ईमेल के माध्यम से धमकी मिलने की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं। हालांकि, अधिकारियों ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत नियमित जांच और एहतियातन सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान न्यायालय परिसर के विभिन्न भवनों, कक्षों और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। पुलिस बल ने सुरक्षा घेरा बनाकर आम लोगों की आवाजाही को नियंत्रित रखा। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और अफवाहें फैलाने से बचें। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और न्यायालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाए जा रहे हैं।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

