बिसौली,बदायूं। श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व नजदीक आते ही बाजार कान्हा के रंग में रंगने लगे हैं। दुकानों पर लड्डू गोपाल की रंग बिरंगी पोशाक, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख और आकर्षक झूले सज गए हैं। जन्माष्टमी पर घरों और मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण की झांकी सजाने की परंपरा है। इसे देखते हुए बाजारों में झांकी सजाने का सामान भी खूब बिक रहा है। दुकानों पर कान्हा के लिए रेशमी, जरीदार, सूती और गोटे वाली पोशाकों की कई वैरायटी उपलब्ध है। अलग-अलग रंग और डिजाइन में तैयार इन पोशाकों को श्रद्धालु खूब पसंद कर रहे हैं। इस बार बच्चों को कान्हा के बाल रूप में सजाने के लिए फैंसी ड्रेस और मुकुट बांसुरी के सेट की सबसे ज्यादा मांग बताई जा रही है। नगर के प्रमुख मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ आकर्षक सजावट और रोशनी की तैयारी शुरू कर दी गई है। वहीं श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर उत्साहित हैं।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

