संपत्ति विवाद में घर में घुसकर युवक से मारपीट का आरोप महिला समेत चार भाइयों पर जबरन घर ले जाकर लाठी-डंडों व रोड से पीटने का आरोप, पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेजा
मुकीम अहमद अंसारी
सहसवान,बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अकबराबाद में संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक युवक ने महिला समेत पांच लोगों पर घर में घुसकर उसके साथ मारपीट करने और जबरन अपने घर ले जाकर लाठी-डंडों व रोड से पीटने का आरोप लगाया है। घायल युवक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 5:55 बजे वह अपने पिता के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान उसकी दादी की बेटी सरोज अपने चार भाइयों ओमवीर, जगवीर, सत्यनारायण और हरनारायण के साथ उसके घर पहुंची। आरोप है कि सभी ने घर का दरवाजा तोड़ दिया और सो रहे युवक को चारपाई से पकड़ लिया। इसके बाद उसे जबरन अपने घर ले गए, जहां लाठी-डंडों और रोड से मारपीट की गई।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उस पर मकान का बंटवारा अपनी इच्छा के अनुसार करने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को आरोपियों के चंगुल से बचाया। मारपीट में युवक को चोटें आई हैं।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि जिस मकान में सरोज रहती है, वह उसके दादा लालभन का पुश्तैनी मकान है। लालभन के चार बेटे रामदास, कल्लू, राजू और सोन बताए गए हैं। संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी नरेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। घायल को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
*मुकीम अहमद अंसारी ब्यूरो चीफ एसएम न्युज 24 टाइम्स बदायूं*

