पाकिस्तान के मशहूर शिया धर्मगुरू तालिब जौहरी का निधन, शिया जगत सोगवार
समाचार एजेंसी न्यूज़ एसएम न्यूज़ के साथ
पाकिस्तान के मशहूर शिया धर्मगुरू, वक्ता, शायर और बुद्धिजीवी अल्लामा तालिब जौहरी का सोमवार की सुबह कराची में निधन हो गया।
अल्लामा तालिब जौहरी काफ़ी समय से बीमार थे और पिछले 15 दिनों से अस्पताल में थे। सोमवार की सुबह 81 साल की आयु में उनका निधन हो गया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान, विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी और अनेक राजनैतिक व धार्मिक दलों व गुटों के प्रमुखों ने उनके निधन पर शोक जताया है और शिया बिरादरी से संवेदना जताई है। मुहर्रम के अवसर पर उनकी मजलिसें रेडियो, टीवी और सोशल मीडिया से सीधे प्रसारित होती थीं और वे शिया जगत के सबसे मशहूर वक्ताओं में से एक माने जाते थे।
अल्लामा तालिब जौहरी का जन्म 27 अगस्त सन 1939 को भारत के राज्य बिहार के पटना शहर में हुआ था। उन्होंने आरंभिक शिक्षा अपने पिता मुस्तफ़ा जौहर से प्राप्त की और भारत के बंटवारे के बाद अपने परिवार के साथ वे भी पाकिस्तान चले गए। उन्होंने कराची विश्वविद्यालय से शिक्षा पूरी करने के बाद इराक़ के पवित्र नगर नजफ़ में दस साल तक उच्च धार्मिक शिक्षा हासिल की। बताया जाता है कि इराक़ के वर्तमान वरिष्ठ धर्मगुरू आयतुल्लाहिल उज़मा सीस्तानी व अल्लामा तालिब जौहरी कई विषयों में एक ही क्लास में पढ़ते थे।

