विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों का चयन
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)
बाराबंकी। बुधवार को शहर के मोहल्ला पीरबटावन स्थित कम्पोजिट विद्यालय पीरबटावन में नवीन विद्यालय प्रबंध समिति के गठन हेतु खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शासनादेश का पालन करते हुए सर्वसम्मति से नवीन विद्यालय प्रबंध समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यगण का चयन किया गया। बैठक की शुरुआत सर्वप्रथम मुख्य अतिथि के रूप में आये नगर क्षेत्र के खण्ड शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार का स्वागत स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत के माध्यम से किया गया। जैनेन्द्र कुमार ने अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी चयनित पदाधिकारी एवं सदस्यगण प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित कार्य एवं अपने-अपने दायित्वों को निष्ठापूर्वक पूर्ण करेंगे और विद्यालय के सर्वागीण विकास में योगदान भी देंगे। इसलिए आप सब अपने-अपने कर्तव्यों को निष्पक्ष रूप से यह सोचकर पूरा करें कि इससे भविष्य में विद्यालय एवं शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ेगी जिसका लाभ सीधा आपके बच्चों को मिलेगा। इसके साथ-साथ उन्होंने ई-पाठशाला एवं मोहल्ला पाठशाला के क्रियान्वयन पर विस्तृत रूप से चर्चा भी की। इसके बाद उन्होंने सभी चयनित पदाधिकारी एवं सदस्यगण को बधाई दी तथा विद्यालय के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए अपनी बात समाप्त की। बैठक में मौजूद ए.आर.पी. मंजुला सिंह ने समय-सारिणी तथा हस्त निर्मित टी.एल.एम. पर चर्चा की एवं अपने अभिनव प्रयासों की संक्षिप्त रूपरेखा भी प्रस्तुत की। साथ ही बैठक में नगर पालिका के पर्यवेक्षक तथा पीरबटावन पूर्वी वार्ड के सभासद ताज बाबा राईन ने अपनी-अपनी बात रखी और बैठक को पूर्ण करने में महत्वपूर्ण योगदान भी दिया। इसी क्रम में कम्पोजिट विद्यालय पुलिस लाइन्स में भी शासनादेश का पालन करते हुए एस.एम.सी. गठन की कार्यवाही को पूर्ण किया गया। इन अवसर पर मुख्य रूप से प्र.अ. रौशन जहाँ, प्र.अ. जेबा मोहसिन, शिक्षा मित्र, खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से पुनीत, अजय, संदीप, तथा समस्त अभिभावकगण भी उपस्थित रहें।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)

