नोडल अधिकारी व अपर मुख्य सचिव नियुक्त एवं कार्मिक विभाग मुकुल सिंघल ने मंगलवार को जनपदीय भ्रमण में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों के साथ धान क्रय केन्द्र व निर्माणाधीन परियोजनाओं का मुआयना किया। निरीक्षण के जिम्मेदारों को किसी प्रकार की कोई लापरवाही व अनियमितता न बरतते हुए काम पूरा करने को सचेत किया।
भ्रमण की शुरुआत नगर स्थित आईटीआई से हुई, यहां निर्माणाधीन बिल्डिंग की गुणवत्ता परखी। यूपीपीसीएल कार्यदायी संस्था के लोगों को गुणवत्ता में किसी प्रकार लापरवाही न बरतने को सचेत किया। प्रधानाचार्य विजय कान्त वर्मा से विभिन्न ट्रेडों के बारे में जानकारी ली। पीसीएफ द्वारा संचालित साधन सहकारी समिति बौनामऊ में स्थापित धान क्रय केन्द्र पर जिला विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ से खरीद और लक्ष्य के सापेक्ष हुई प्रगति पूछी। उन्होंने समय से किसानों का धान क्रय करने को कहा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सफीपुर में निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र के सभी वार्डों, ओपीडी आदि का निरीक्षण किया। कोविड-19 के बारे में जानकारी ली। अस्पताल परिसर की साफ-सफाई से प्रसन्न होकर सफाई कर्मी सागर को धनराशि देकर प्रोत्साहित किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वच्छ भारत मिशन एवं गरीब कल्याण रोजगार अभियान योजना के तहत स्वयं सहायता समुह की महिलाओं को सामुदायिक शौचालय की चाभी के साथ 9 हजार रुपये का चेक कई महिलाओं को दिए। सस्ते गल्ले की दुकान का आवंटन पत्र भी महिलाओं को दिया गया

