मनरेगा कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगी महिलाएं
आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश
अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व मनरेगा के कार्यों का पर्यवेक्षण सरकार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से करा रही है। सरकार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार देने की मुकम्मल व्यवस्था कर रही है। इसकी शुरुआत अब हो चुकी है।
यह विचार बीते दिन जलालपुर विकास खंड मुख्यालय पर 115 ग्राम पंचायतों की 115 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मेट का अधिकार पत्र देते हुए उपायुक्त रोजगार आरबी यादव ने व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सशक्त बनाने का हरसंभव प्रयास कर रही है। जरूरत है कि महिलाएं जानकारी हासिल कर उसका लाभ उठाएं।
उपायुक्त रोजगार आरबी यादव ने बताया कि जनपद की सभी 902 ग्राम पंचायतों में इस माह के अंत तक महिला मेट की तैनाती कर दी जाएगी। महिला मेट को अपने कार्य के लिए अकुशल श्रमिकों के देय पारिश्रमिक का भुगतान खंड विकास अधिकारी के माध्यम से ग्राम पंचायतों में किया जाएगा।
इसके लिए मनरेगा के प्राक्कलन में इसका प्रावधान किया जाएगा। इसके अलावा व्यक्तिगत हितार्थ के कार्यों में जनपद में 36 फार्म तालाब, चार पारंपरिक कुएं, 250 कंपोस्ट पिट, 310 पशु शेड का कन्वर्जन के माध्यम से समूह की महिलाओं को लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त फार्म मशीनरी बैंक, मृदा परीक्षण, पशुपालन, ऐनीमल हेल्थ कैंप, बैकयार्ड पोल्ट्री आदि का लाभ समूह को मिलेगा। खंड विकास अधिकारी जलालपुर अरुण कुमार पांडेय ने बताया कि विगत वर्ष भी व्यक्तिगत हितार्थ के कार्य में महिलाओं को वरीयता दी गई थी।
इसमें स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बेहतर प्रदर्शन किया था। महिलाओं को आगे भी पूरी निष्ठा के साथ काम करने की जरूरत है। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी जलालपुर एडीओ पंचायत जलालपुर समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश

