लोकसभा में सवाल पूछने का रितेश ने बनाया रिकॉर्ड
आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश
अंबेडकरनगर। बीएसपी सांसद रितेश पांडेय ने लोकसभा में सरकार से जनहित व राष्ट्रीय हित के सवाल पूछने में नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने देश भर के गैर बीजेपी सांसदों में से सर्वाधिक 87 सवाल पूछ सर्वोच्च स्थान हासिल किया। सांसद ने इस उपलब्धि के बाद कहा कि वह सेवा और आदर्श की राजनीति करने आए हैं, इसे ही मजबूत बनाते रहेंगे।
गौरतलब है कि सांसदों के कामकाज आदि को लेकर बीते दिनों राष्ट्रीय महत्व की प्रमुख संस्था आर्गेनाइजर वॉयस ऑफ द नेशन ने सर्वेक्षण किया था। इसके जो परिणाम सार्वजनिक हुए हैं, उससे जिले का नाम समूचे देश में बढ़ा है। सर्वेक्षण में कहा गया कि बीजेपी के 11 ऐसे सांसद रहे जिन्होंने 100 से अधिक सवाल संसद में पूछे।
यह भी सामने आया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रति सांसद सवाल पूछने का वार्षिक औसत 66 है जबकि उतर प्रदेश के सांसदों में यह औसत घटकर 44 रह जाता है। इन सबके बीच सबसे खास बात यह कि जिले से बीएसपी सांसद रितेश पांडेय ने देश भर के जो गैर बीजेपी सांसद हैं, उनमें वे सवाल पूछने के मामले में अव्वल रहे।
उन्होंने सर्वाधिक 87 सवाल एक वर्ष में सरकार से पूछे जिसमें स्थानीय समस्याओं से लेकर प्रांतीय और राष्ट्रीय महत्व के भी सवाल शामिल रहे। सांसद ने सवाल पूछने के मामले में सांसदों के राष्ट्रीय औसत को काफी पीछे छोड़ दिया जबकि यूपी में सांसदों के औसत से उन्होंने लगभग दोगुना अधिक सवालों की बौछार सरकार पर की।
गुरुवार को सर्वेक्षण के नतीजों से उत्साहित सांसद रितेश ने कहा कि राजनीति में मेरी प्राथमिकताएं अलग हैं। बहन मायावती के निर्देशन और संरक्षण तथा पिता पूर्व सांसद राकेश पांडेय की प्रेरणा ने उन्हें इस लायक किया है कि वह जनता की आवाज पूरी मजबूती से उठा रहे हैं।
बताया कि सांसद के तौर पर वह सब करने की कोशिश कर रहे हैं जिससे जनपदवासियों को लाभ मिल सके और राष्ट्रीय हित में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि लोकसभा में उठाए गए तमाम मामलों का सकारात्मक परिणाम निकला है।
आशीष सोनी जिला ब्यूरो चीफ एसएम न्यूज़24टाइम्स अंबेडकर नगर उत्तर प्रदेश

