बच्चों के विवाद में जेठ ने गोली मारकर की महिला की हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार—-

एसएम न्यूज़24टाइम्स नेटवर्क उत्तर प्रदेश भारत 9889789714

मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में बच्चों के विवाद में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। त्योहार पर हुई इस वारदात से परिवार में कोहराम मच गया।
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के गांव मनौना में शुक्रवार शाम को बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया, लेकिन तब तक आरोपी पिता-पुत्र वहां से भाग गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। करहल क्षेत्र के गांव मनौना निवासी नेम सिंह के पुत्र अनीश कुमार और बड़े भाई के पुत्र नीलू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद के बाद नीलू और उसके पिता उदय सिंह लाइसेंसी बंदूक लेकर नेम सिंह के दरवाजे पर आकर गाली गलौज करने लगे। जब नेम सिंह की पत्नी 50 वर्षीय अवधेश कुमारी ने विरोध किया तो जेठ उदय सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से उन्हें गोली मार दी।

मौके पर ही हुई महिला की मौत

गोली लगने से अवधेश कुमारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए, तब तक आरोपी पिता-पुत्र वहां से भाग चुके थे। सूचना मिलने के बाद एएसपी मधुवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ गांव मनौना पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मृतक के परिजनों से जानकारी ली। नेम सिंह की तहरीर के आधार पर मृतका के जेठ उदय सिंह व पुत्र नीलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी पिता पुत्र की तलाश कर रही है

Don`t copy text!