बाराबंकी। निःस्वार्थ नेत्र आपरेशन शिविर के सेवा महाकुम्भ में आज डुबकी लगाने के लिए जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह व मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रमेश चन्द्रा ने पहुँचकर आपरेशन किये हुए मरीजों का हाल-चाल जाना व देश-दुनिया से पधारे डाक्टरांे व नर्सिंग टीम का उत्साहवर्धन किया। जिलाधिकारी ने वार्ड में जाकर प्रदेश के कोने-कोने से आये मरीजों को फल वितरित किये व आपरेशन थियेटर में जाकर डाक्टरों से भेंट कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस जनपद के लिए बहुत ही गौरव की बात है कि गरीबों के मसीहा स्वामी राम ज्ञान दास जी ने इतने बड़े स्तर पर आपरेशन शिविर का भव्य आयोजन किया और लोग उससे काफी संख्या में लाभान्वित हो रहे है। इतना बड़ा सेवा कार्य बहुत ही कम देखने को मिलता है। स्वामी जी को आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन हर तरह की सुविधा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। आश्रम के सेवादार मनीष मेहरोत्रा ने बताया कि आज तक 1000 की संख्या में नेत्र के आपरेशन आईओएल (लेन्स प्रत्यारोपण) विधि से डा. जैकब प्रभाकर व अमेरिका से पधारे डा. जैफ्री व उनकी टीम ने आज कर दिये है। आज भी बड़ी संख्या में डा. रमेश हुड्डा, डा. केजी. शर्मा, डा. उम्मेद सिंह खत्री, डा. डांगी, डा. राजीव बेरीवाल व सैफई मेडिकल कालेज के सेवा भावी डाक्टरों ने ओपीडी कर भारी संख्या में मरीजों को भर्ती किया। कल प्रातः 10ः30 बजे प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री राजा जय प्रताप सिंह आपरेशन शिविर का निरीक्षण करेंगे।
मोहम्मद वसीम कुरेशी संवाददाता

