गांधी भवन में धूमधाम से मनाया गया पंडित राजनाथ शर्मा का जन्मदिवस

अब्दुल मुईद सिटी-रिपोर्टर (एस0एम0 न्यूज 24टाइम्स) 9936900677

बाराबंकी। तीन बुजुर्ग दोस्त एक साथ जब मिले तो एक दूसरे की उम्र सार्वजनिक करने लगे। लेकिन, अगर आप उम्र जानेंगे तो चौंक जायेंगे। उनमें एक बुजुर्ग की अधिकतम उम्र 24 साल थी। दूसरे बुजुर्ग की 23 साल और तीसरे 22 साल। इनमें 24 साल वाले बुजुर्ग के जन्मदिन पर आज अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया था। यह सम्भव है कि आपको ऊपर के वाक्य पढ़कर कुछ अजीब लगा हो। लेकिन, यह सत्य है। मौका था नगर के देवा रोड स्थित गांधी भवन में गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट के अध्यक्ष, लोकतंत्र सेनानी, समाजवादी चिन्तक पंडित राजनाथ शर्मा के 78वें जन्मदिवस का। ट्रस्ट द्वारा श्री शर्मा के जन्मदिवस पर अमृत महोत्सव का आयोजन किया गया। सुबह करीब 9 बजे सर्वप्रथम गांधी भवन में सुन्दरकाण्ड पाठ से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उधर सुन्दरकाण्ड का पाठ जारी था तो दूसरी ओर भारत के संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर नगर के वरिष्ठजन पुष्पांजलि अर्पित कर रहे थे। धीरे धीरे गांधी भवन में नगर के कई संभ्रांत प्रतिष्ठित जनों का आगमन भी शुरू हो चुका था। मध्यान्ह करीब 12 बजे आशीर्वचन शुरू हुआ तो गणमान्य नागरिकों ने पंडित राजनाथ शर्मा के जीवन पर प्रकाश डाला। उनके जीवन के तमाम उतार चढ़ावों पर चर्चा हुई। उधर, बाबू राजनाथ शर्मा लोगों के शब्दों में अपने अतीत की सुखद तस्वीरों की कल्पना में विचरण कर रहे थे। आशीर्वचन के बाद अपरान्ह करीब 2 बजे समरसता भोज का आयोजन किया गया। उसी समय तीन बुजुर्गों का वाक्या हो गया। गेट के बाहर से बाराबंकी के पूर्व सांसद बुजुर्ग राम सागर रावत गांधी भवन के अंदर आ रहे थे। तभी बुजुर्ग कांग्रेसी नेता अमीर हैदर और बर्थडे ब्वॉय पंडित राजनाथ शर्मा गेट की ओर बढ़े। जैसे ही तीनों एक दूसरे के करीब पहुंचे, तो बुजुर्ग अमीर हैदर ने राजनाथ शर्मा से कहा कि, इनकी उम्र जानते हैं? इनकी उम्र है 23 साल। राजनाथ शर्मा से कहा कि, तुम्हारी उम्र है 24 साल। इतने में तपाक से राजनाथ शर्मा ने पूर्व सांसद से अमीर हैदर की ओर इशारा करते हुए कहा कि, ‘इनकी उम्र जानते हैं? यह 22 साल।‘ इतना तीनों बुजुर्गों का कहना था कि, वहां मौजूद सारे लोग एक साथ ठहाके लगाकर हंसने लगे। प्रेम, स्नेह, सहयोग और सामन्जस्य का अनूठा मिश्रण आज गांधी भवन में देखने को मिल रहा था। समाचार प्रेषण तक इतने कार्यक्रमों के समापन के बाद अन्य कार्यक्रमों की तैयारी चल रही थी। जिनमें शाम को रोजा इफ्तार, उसके बाद महफिल ए कव्वाली और रात में भोज का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर मृत्युन्जय शर्मा, पंडित संजय शर्मा, पाटेश्वरी प्रसाद, अशोक शुक्ला, पंकज गुप्ता पंकी, अरविन्द सिंह गोप, राम गोपाल रावत, श्रुतिमान शुक्ल, राकेश श्रीवास्तव, संतोष शुक्ला, मनीष सिंह, अदीब किदवाई, हुमायूं नईम खां, अनिल यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

अब्दुल मुईद सिटी-रिपोर्टर (एस0एम0 न्यूज 24टाइम्स) 9936900677

 

Don`t copy text!