पुलिस मुठभेड़ के दौरान बदमाश को लगी गोली। एसओजी का एक सिपाही भी गोली लगने से घायल।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

व्यापारी से लूटे थे 5 लाख रुपये। दो लाख रूपये की नकदी बरामद।

बदायूं। जनपद भर मे हो रही लूट की घटनाओं को लेकर पुलिस एक्शन में आ गई। फैजगंज बेहटा इलाके में महीने भर पहले 5.50 लाख की लूट को अंजाम देने वाले शातिरों से एसओजी व इस्लामनगर पुलिस का सामना हुआ तो मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग के बाद एक लुटेरे की टांग में गोली लग गई। वहीं एसओजी का सिपाही भी हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। लुटेरे का एक साथी मौके से भाग निकला, जबकि घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बता दें, एनकाउंटर इस्लामनगर थाना क्षेत्र में चंदौसी रोड पर बर्रई पुल के पास हुआ। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया, एसओजी टीम को शनिवार रात सूचना मिली कि इस्लामनगर इलाके में मुरादाबाद के 2 शातिर बदमाश लूट के इरादे से पहुंचने वाले हैं। एसएसपी के निर्देश पर टीम इस्लामनगर इलाके में पहुंच गई। बर्रई पुल पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान टीम ने बदमाशों को रोका तो उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आनन-फानन में टीम ने भी मोर्चा संभाल कर क्रास फायरिंग की तो एक बदमाश की टांग में गोली लगी। जबकि उसका साथी फायरिंग करता हुआ भाग गया। इधर, सिपाही पुष्पेंद्र के हाथ में गोली लग गई।इस गैंग के पीछे फैजगंज थाना पुलिस लगी थी और इस्लामनगर पुलिस व SOG घेराबंदी करने पहुंची थी। खुद को घिरा देख बदमाश करो या मरो वाली स्थिति में आ गए और गोलीबारी शुरू कर दी।
पकड़े गए शातिर समेत सिपाही को रात में ही अस्पताल ले जाया गया। इधर, पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद कमर निवासी गांव थामला थाना बिलारी, मुरादाबाद बताया। जबकि फरार साथी इमरान उर्फ इलायची है। आरोपी के पास से पुलिस ने 2.10 लाख रुपये सहित तमंचा, कारतूस और बाइक भी बरामद की है। आरोपी ने कबूला कि फैजगंज बेहटा इलाके में महीने भर पहले उसने गल्ला व्यापारी से 5.50 लाख की लूट की थी।
उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा बरामद नकदी है।  एसएसपी ने बताया, फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है। घटनास्थल का मुआयना किया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।

मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

Don`t copy text!