दूल्हे ने दहेज में मांगी बाइक, आहत पिता ने दे दी फंदे से लटककर जान।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984
बदायूँ। वजीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात ऐन मौके पर दूल्हे के दहेज में बाइक मांगने और बेटी के शादी पर अड़ जाने से आहत पिता ने फंदे से लटककर जान दे दी। जानकारी पाकर बराती मौके से भाग गए और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बाद में परिवार वालों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक लड़की और नजदीकी गांव के लड़के का परिवार हिमाचल प्रदेश के एक जिले में मजदूरी करता था। वहीं लड़का-लड़की का प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। दोनों एक ही जाति के थे। इससे परिवार वालों ने भी उनकी शादी से इनकार नहीं किया। उन्होंने दोनों का रिश्ता तय कर दिया। करीब चार-पांच दिन पहले दोनों के परिवार हिमाचल प्रदेश से लौटे थे। उसके दूसरे दिन गोदभराई की रस्म हुई।
बुधवार रात लड़का बरात लेकर गांव पहुंचा। लड़की वालों ने स्वागत सत्कार किया। स्थानीय लोगों के मुताबिक द्वारचार के दौरान दूल्हे ने दुल्हन के पिता से बाइक मांग ली। अचानक बाइक मांगने पर दुल्हन का पिता भड़क गया। उसने बेटी की शादी करने से इनकार कर दिया। दूल्हे को दो-तीन थप्पड़ भी जड़ दिए। उसे बरात वापस ले जाने को कहा लेकिन तभी दुल्हन दूल्हे के पक्ष में उतर आई। उसने कह दिया कि वह शादी करेगी तो इसी से करेगी। इससे पिता अपमानित होकर चला गया। बाद में उसने पूरे मामले से आहत होकर खेत में जाकर पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। इधर तब तक पंडाल में जयमाला कार्यक्रम शुरू करा दिया गया था। कुछ बराती खाना भी खा रहे थे। पूरे मामले की जानकारी पर बराती चुपचाप खिसक गए। दूल्हा भी भाग गया। बाद में परिवार वाले पेड़ से शव को उतारकर घर लाए। बृहस्पतिवार सुबह शव का अंतिम संस्कार किया। इस संबंध में परिवार वालों ने पुलिस को सूचना भी नहीं दी।
इस घटना के बारे में पुलिस के पास कोई सूचना नहीं आई है। अगर इस तरह की घटना हुई है। तो वास्तव में गंभीर मामला है। पता कराते हैं। तहरीर आती है। तो एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
– सिद्धार्थ वर्मा, एसपी देहात
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायूं 9719216984

