प्रधान व हल्का लेखपाल की मौजूदगी में पुलिस ने मार्ग पर लगवाया खड़ंजा
भेलसर(अयोध्या)सैदपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम महमदनगर मजरे सैदपुर गांव में दो पक्षों के बीच लगभग तीन साल से चल रहे रास्ते के विवाद को पुलिस ने सुलझा दिया है।इस मामले में पूर्व में विवाद के चलते पुलिस दोनो पक्षों के विरुद्ध 107/116 की कार्रवाही भी कर चुकी है।
सैदपुर चौकी प्रभारी जयकिशोर अवस्थी के मुताबिक महमदपुर निवासी सुंदरा पत्नी लालता प्रसाद व जगपता पत्नी मंगरु के बीच रास्ते पर खड़ंजा लगाने को लेकर लगभग तीन साल से विवाद चल रहा है।रविवार को भी दोनो पक्ष इसी मामले को लेकर आमने-सामने आ गये।बात मारपीट तक पहुंच गई।मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर महिला सिपाही के साथ पहुंचे चौकी प्रभारी ने प्रधान प्रतिनिधि दिनेश पांडेय,हल्का लेखपाल हरिश्चंद्र सिंह की मौजूदगी में दोनो पक्षों को बुलाकर बातचीत के जरिये मामला शांत कराकर मार्ग पर खड़ंजा लगवाया।चौकी प्रभारी ने बताया कि दोनों महिलाओं के पति परदेश में रहते हैं और रास्ते के विवाद को लेकर दोनो महिलाएं अक्सर झगड़ती रहती थी अब कोई विवाद नहीं है।

