गुणवत्ता पूर्वक हो शिकायतों का निस्तारण: डा. आदर्श सिंह सम्पूर्ण समाधान दिवस पर एसपी और डीएम ने सुनी समस्याएं
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी
बाराबंकी। जिलाधिकारी डाॅ. आदर्श सिंह व पुलिस अधीक्षक डाॅ. अरविन्द चतुर्वेदी द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील रामसनेहीघाट में जनता की समस्याएं सुनी गयी एवं त्वरित निस्तारण करने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर उपस्थित पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम को गठित कर क्षेत्र में आने वाली जनता की समस्याओं का त्वरित एवं मौके पर जाकर प्रभावी समाधान करने हेतु निर्देशित किया। तहसील रामसनेहीघाट में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 273 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। मौके पर राजस्व विभाग के 26 प्रार्थना पत्र निस्तारित किये गये। अवशेष शिकायती पत्रों को समयान्तर्गत निस्तारित करने के लिए सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने विकास खण्ड बनीकोडर में प्रेरणा कैंटीन का फीता काटकर उद्घाटन किया। ब्लाक का निरीक्षण करते हुए प्रसन्नता जाहिर की, ब्लाक का निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने दल बल के साथ मालिनपुर गांव में चकरोड पर हुए अतिक्रमण की शिकायत पर निस्तारण करने राजस्व कर्मियों को लेकर मौके पर पहुॅच गए। उन्होंने मौके पर ही लेखपाल से नक्शा और खसरा लेकर उसकी पैमाइश कराना शुरू कर दी। अपने सामने फीता रखवा कर नक्शे के अनुसार नाप कराकर निशानदेही करवा दी तथा दोनों तरफ के लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा इस पर अतिक्रमण पाया गया तो अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी मेधा रूपम, उपजिलाधिकारी रामसनेहीघाट, उपनिदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी सहित सम्बन्धित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सगीर अमान उल्लाह जिला ब्यूरो बाराबंकी

