नोडल अधिकारी को डॉक्टर और स्टाफ मिले नदारत, अस्पताल हुआ सील
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489
बाराबंकी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को कोठी स्थित एक अस्पताल पर छापा मारा। नोडल अधिकारी वहां का हाल देख हैरत में पड़ गए। इतने बड़े अस्पताल का संचालन बिना डॉक्टर और स्टाफ के किया जा रहा था। इस पर अस्पताल को सील करा दिया गया और संचालक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। इसके अलावा लाइसेंस का नवीनीकरण कराए बिना ही आधा दर्जन अस्पताल संचालित पाए जाने पर इनको भी नोटिस जारी कर दो दिन के अंदर अपना पक्ष रखने का मौका दिया गया है। सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा को कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि कोठी स्थित गीतांजलि अस्पताल का संचालन बिना डॉक्टर और स्टाफ के किया जा रहा है। सीएमओ के आदेश पर नोडल अधिकारी डॉक्टर राजीव दीक्षित ने कमलेश वर्मा आदि के साथ छापा मारा। नोडल अधिकारी ने बताया कि जांच में शिकायत सही पाई गई और अस्पताल का संचालन बिना डॉक्टर और स्टाफ के किया जा रहा था। इस पर अस्पताल को सील करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा गणेेश पॉलीक्लीनिक मंगलपुर चौराहा, शिवसागर हॉस्पिटल त्रिवेदीगंज, दृष्टि नर्सिंग होम दहिला, बीएन हास्पिटल त्रिवेदीगंज, आरएस हॉस्पिटल भिलवल का निरीक्षण किया गया तो ये अस्पताल लाइसेंस का बिना नवीनीकरण कराए ही संचालित किए जा रहे थे। यहीं नहीं किसी भी अस्पताल में प्रशिक्षित स्टाफ मौजूद नहीं मिला। इस पर इनके संचालकों को नोटिस जारी करते हुए दो दिन के अंदर जवाब देने का मौका दिया गया है। बताया कि यदि इस दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है तो अस्पताल संचालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मामुन अंसारी जिला ब्यूरो बाराबंकी(एस0एम0 न्यूज 24 टाइम्स)9044641489

