परिवाहन निगम की बसों मे शराब मिलने के कारण डीएम ने एसआरएम को रोडवेज बसों की चेकिंग करने के दिए निर्देश। पिछले दिनों आबकारी विभाग ने बसों से पकड़ी थी शराब
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायू 9719216984
बदायूं। अब रोडवेज की बसों में गैर प्रांत की शराब पकड़ी गई तो संबंधित ड्राइवर व कंडक्टरों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आबकारी विभाग के अभियान में दिल्ली रूट की बसों में लगातार तस्करी की शराब मिलने के कारण डीएम दीपा रंजन ने एसआरएम रोडवेज को यह निर्देश दिया है। आबकारी अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने यह आदेश जारी किया है। दिल्ली से बदायूं आ रहीं रोडवेज बसों की आबकारी विभाग ने जरीफनगर व सहसवान में चेकिंग की तो कई मुसाफिर ऐसे निकले, जिनके पास से दिल्ली व हरियाणा ब्रांड शराब की बोतलें निकलीं। आबकारी टीम लगातार चेकिंग करती जा रही थी, जबकि जिला आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया ने हर कार्रवाई की रिपोर्ट डीएम को प्रेषित की। यह भी बताया गया कि रोडवेज के ड्राइवरों व कंडक्टरों की मिलीभगत न हो तो शराब भला कैसे दूसरे प्रांत की सरहद पार कर सकती है। नतीजतन डीएम ने सीधे तौर पर एसआरएम को पत्र जारी किया है। डीएम के पत्र में इस तथ्य का भी जिक्र है कि शराब ला रहे 15 लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा चुकी है। क्योंकि इनके पास से शराब की बोतलें बरामद हुईं, जो गैर प्रांत की थीं। सभी के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि अब इस रूट पर शराब पकड़ी गई तो संबंधित तस्कर के साथ संबंधित रोडवेज ड्राइवर व कंडक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। क्योंकि हर कार्रवाई के बाद ड्राइवर-कंडक्टर खुद को अनभिज्ञ जताते हैं। हालांकि अब यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम के इस निर्देश के बाद परिवहन डिपो के चालकों-परिचालकों में खलबली मची हुई है।
मुकीम अहमद अंसारी संवाददाता (एसएम न्युज24 टाइम्स) सहसवान- बदायू 9719216984

